हिमालयी चुनौतियों पर शोध का प्रमुख केंद्र बने केंद्रीय विश्वविद्यालय : राज्यपाल

by

जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और जल संरक्षण जैसे विषयों पर अनुसंधान को बढ़ावा देने का आह्वान, बोले- शिक्षा को समाज की जरूरतों से जोड़ना जरूरी

एएम नाथ। धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय को हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियों पर प्रभावशाली अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन, जल संरक्षण, जैव विविधता और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर विश्वविद्यालय को विशेष रूप से शोध कार्यों को प्रोत्साहित करना चाहिए। शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल डिग्रियां प्रदान करना नहीं, बल्कि शिक्षा और अनुसंधान को समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना भी है।

राज्यपाल धर्मशाला में आयोजित हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। राज्यपाल और भारत के मुख्य न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को डिग्रियां तथा स्वर्ण पदक प्रदान किए।

डिग्री नहीं, चरित्र और संस्कार दिलाते हैं स्थायी सम्मान

राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों और स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के व्यापक हित में करने की नई शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि ज्ञान व्यक्ति को सशक्त बनाता है, मूल्य उसे सही दिशा दिखाते हैं और दृढ़ संकल्प लक्ष्य तक पहुंचने की ताकत देता है। डिग्री से व्यक्ति को पहचान मिल सकती है, लेकिन चरित्र और संस्कार ही उसे स्थायी सम्मान दिलाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, विनम्रता और जीवनभर सीखते रहने की भावना को अपनाने का आह्वान किया।

हिमालय के पर्यावरण और संस्कृति के संरक्षण पर हो शोध

राज्यपाल ने हिमालय के पारिस्थितिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास की प्रक्रिया प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय से हिमालयी पारिस्थितिकी, आपदा प्रबंधन की तैयारियों, जल संसाधनों, जनजातीय समुदायों, प्राकृतिक खेती और पर्यटन जैसे विषयों पर केंद्रित अनुसंधान को प्रोत्साहित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में होने वाला शोध केवल अकादमिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसके परिणाम क्षेत्र के सतत विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान में भी दिखाई देने चाहिए।

परंपरागत ज्ञान को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने पर जोर

भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के साथ जोड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को बहुविषयक शिक्षा को मजबूत बनाने के साथ राष्ट्रीय और वैश्विक चुनौतियों के समाधान तलाशने में भी अहम भूमिका निभानी चाहिए।

छात्राओं की उपलब्धियां महिला सशक्तिकरण का प्रमाण

स्वर्ण पदक हासिल करने वाली छात्राओं की अधिक संख्या पर प्रसन्नता जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, सशक्तिकरण और शैक्षणिक क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों को दर्शाता है। शिक्षित और सशक्त महिलाएं मजबूत परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव होती हैं।

युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील

राज्यपाल ने विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनसे नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, उद्यमिता, नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण में लगाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को अपने परिसरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। ग्रामीण समुदायों, विद्यालयों और उद्योगों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर सामाजिक भागीदारी बढ़ानी चाहिए, ताकि शिक्षा और अनुसंधान का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

नगर निगम मंडी के मनोनीत पार्षदों ने ग्रहण की पद एवं गोपनीयता की शपथ

मंडी, 27 जनवरी । नगर निगम मंडी के पांचों मनोनीत पार्षदों ने शनिवार को निगम कार्यालय सभागार में आयोजित सादे किंतु गरिमापूर्ण शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली । उपायुक्त...
article-image
हिमाचल प्रदेश

कुटलैहड़ विधानसभा से वर्तमान मंत्री से हर वर्ग के लोग परेशान : अनिल

ऊना :  आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल मनकोटिया ने कहा कि पार्टी आने वाले समय में पूरी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आम आदमी पार्टी कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बंगाणा में बैठक...
article-image
हिमाचल प्रदेश

स्वतंत्र पत्रकारिता लोकतंत्र की शक्ति, जिम्मेदार पत्रकारिता उसे विवेक देती है : राज्यपाल

‘जेम्स ऑफ हिमाचल अवॉर्ड्स-2026’ में बोले कविंद्र गुप्ता, फर्जी खबरों और एआई से तैयार भ्रामक सामग्री पर जताई चिंता एएम नाथ। शिमला, 16 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्र,...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा, 14 की मौत, 33 घायल हरिपुरधार में गहरी खाई में गिरी सवारियों से भरी बस, मची चीख-पुकार

एएम नाथ। सिरमौर :  हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर...
Translate »
error: Content is protected !!