बिलासपुर में 16 लाख के आभूषण और 1.80 लाख रुपए गायब होने की शिकायत; पुलिस जांच में युवती नाबालिग निकली
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शादी से दो दिन पहले घर से नकदी और गहने लेकर फरार हुई युवती को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। परिजनों के अनुसार, घर से करीब 16 लाख रुपए के सोने के आभूषण और 1.80 लाख रुपए नकद गायब थे। पुलिस ने युवती के कब्जे से चोरी के गहने और 80 हजार रुपए बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, भराड़ी क्षेत्र के एक युवक की शादी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी युवती से तय हुई थी। 6 नवंबर को विवाह होना था। शादी की तैयारियों के बीच युवती को युवक की बहन के घर गांव घरल्याण में ठहराया गया था। आरोप है कि वह 4 नवंबर को वहां से नकदी और गहने लेकर चली गई।
गांव घरल्याण निवासी संगीता कुमारी की शिकायत पर भराड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि युवती को गाजियाबाद से काबू कर चोरी के गहने और 80 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में युवती के नाबालिग होने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।
