राज्य चयन आयोग की कॉलोनी का भी होगा उद्घाटन; हीरानगर में स्ट्रीट फूड पार्क और तरोपका में बाल देखभाल संस्थान की रखेंगे आधारशिला
एएम नाथ। हमीरपुर, 25 अक्टूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 27 अक्टूबर को हमीरपुर जिले के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज (आरकेजीएमसी) के अकादमिक ब्लॉक सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के समापन के बाद 27 अक्टूबर को दोपहर में हमीरपुर के निकट जसकोट हेलीपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे जोल सप्पड़ रवाना होंगे और मेडिकल कॉलेज के नए अकादमिक ब्लॉक का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ संवाद भी करेंगे।
राज्य चयन आयोग की कॉलोनी का भी करेंगे उद्घाटन
मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रकड़ियाल में हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की कॉलोनी का उद्घाटन करेंगे। इसके अतिरिक्त, वह हीरानगर स्थित चिल्ड्रन पार्क में स्ट्रीट फूड पार्क और गांव तरोपका में बाल देखभाल संस्थान की आधारशिला रखेंगे।
निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री शाम को शिमला लौट जाएंगे।
उपायुक्त ने तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और संबंधित विभागों ने व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने रविवार को जोल सप्पड़ स्थित मेडिकल कॉलेज के नए परिसर का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। प्रशासन का ध्यान कार्यक्रमों के सुचारू संचालन और संबंधित व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर है।
