500 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया शुभारंभ

by
घुमारवीं (बिलासपुर), 02 अक्तूबर: सीर उत्सव के अवसर पर सिविल अस्पताल घुमारवीं में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य संस्थानों से चिकित्सकों की विशेष टीमों ने अपनी सेवाएं प्रदान की, जिसके दौरान 500 से अधिक मरीजों की ओपीडी की गई।
स्वास्थ्य शिविर में आईजीएमसी चमियाना से कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच एवं परामर्श किया। क्षेत्रीय अस्पताल से त्वचा रोग, नेत्र रोग एवं मनोरोग विशेषज्ञों ने सेवाएं प्रदान कीं। वहीं, आदर्श स्वास्थ्य संस्थान घुमारवीं अस्पताल की ओर से मेडिसिन, सर्जरी, दंत चिकित्सा, ऑर्थाेपेडिक्स, एनेस्थीसिया तथा रेडियोलॉजी विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इस बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न गंभीर एवं सामान्य रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध करवाया गया।
इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि घुमारवीं सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं सिविल अस्पताल में पहली बार रेडियोलॉजिस्ट की नियमित तैनाती हुई है और अब अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा लोगों को मिलना शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि करीब 30 वर्ष पहले अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदी गई थी, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध न होने के कारण इसका उपयोग नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री सुक्खू के प्रयासों से अब यहां रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध करवाया गया है। आवश्यक अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पिछले 3-4 दिनों से लोगों को अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है।
मंत्री ने कहा कि अस्पताल में इन-हाउस अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और उन मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए अल्ट्रासाउंड करवाने हेतु बाहर जाना पड़ता था। अब उन्हें यह सुविधा अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध हो रही है, जिससे समय और अतिरिक्त परेशानी दोनों से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं अस्पताल में शीघ्र ही नेत्र रोगों से संबंधित ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए सीएमओ तथा अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अब तक 150 से अधिक मेजर सर्जरी की जा चुकी हैं, जिनमें अपेंडिक्स सहित विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन शामिल हैं।
राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं अस्पताल के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। अस्पताल में लिफ्ट स्थापित की जा रही है तथा ऑपरेशन थिएटर के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरणों में से कुछ उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। अन्य आवश्यक उपकरणों के लिए भी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि धन की उपलब्धता के साथ आगामी एक-दो माह में अस्पताल की ओर से भेजी गई आवश्यक उपकरणों की मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं सिविल अस्पताल की सेवाओं में लगातार विस्तार का परिणाम यह है कि आज अस्पताल में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले जहां अस्पताल के वार्डों में बिस्तर खाली रहते थे, वहीं वर्तमान में स्थिति यह है कि अस्पताल में बिस्तर खाली मिलना मुश्किल होता है। अस्पताल की ओपीडी कई बार 900 से 1000 तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में लोगों के बढ़ते विश्वास और स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधार को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा ‘व्यवस्था परिवर्तन’ अब स्वास्थ्य क्षेत्र में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हों और उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख न करना पड़े।
इस अवसर पर मंत्री ने एचपीवी वैक्सीनेशन करवाने वाली छह बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी पात्र बेटियों को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस संबंध में चलाए जा रहे जागरूकता प्रयासों में सहयोग करें।
कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
’’बॉक्स’’
सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं सिविल अस्पताल में शुरू हुआ प्रोजेक्ट ‘सारथी’
सीर उत्सव के अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं सिविल अस्पताल में प्रोजेक्ट ‘सारथी’ का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत एनएसएस एवं एनसीसी कैडेट्स स्वैच्छिक रूप से अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की सहायता करेंगे। कैडेट्स विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों तथा पहली बार अस्पताल आने वाले मरीजों को आवश्यक मार्गदर्शन देने के साथ अस्पताल में भीड़ को व्यवस्थित करने और विभिन्न सेवाओं तक पहुंचने में सहयोग करेंगे।
मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रोजेक्ट ‘सारथी’ के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ने के साथ अस्पताल की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। अस्पताल प्रशासन द्वारा कैडेट्स को बैचवार समय-सारणी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वे अपनी सुविधा एवं इच्छानुसार सेवा दे सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल पहले पीजीआई में शुरू की गई थी और अब इसे घुमारवीं सिविल अस्पताल में भी शुरू किया गया है।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

मामलों को आपसी सहमति से निपटाने का मौका : समाधान समारोह के तहत होगी लोक अदालत

सर्वोच्च न्यायालय में समाधान समारोह 2026 के तहत लगाई जाएंगी विशेष लोक अदालतें एएम नाथ। चम्बा :  सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण चम्बा, एकांश कपिल ने बताया कि आम लोगों के लिए न्याय सुलभ...
article-image
हिमाचल प्रदेश

चम्बा में जल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ : विधिक सेवा प्राधिकरण का अभियान तेज, प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई पर जोर

“सेव वाटर” संदेश के साथ छात्रों को किया जागरूक एएम नाथ। चम्बा : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के तत्वावधान में जल संरक्षण जागरूकता अभियान के तहत महर्षि दयानन्द आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चम्बा...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

मुकेश अग्निहोत्री 15 को हरोली विस में करेंगे करोड़ों की विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास

रोहित भदसाली।  ऊना, 14 अक्तूबर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 15 अक्तूबर, मंगलवार को ऊना जिला के हरोली विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे राजकीय...
article-image
हिमाचल प्रदेश

नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी का अब राज्य कैडर, अधिसूचना जारी

एएम नाथ। शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए राजस्व विभाग के सभी नायब तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी के मंडलीय, जिला और बंदोबस्त कैडर को राज्य कैडर घोषित कर दिया है। शनिवार...
Translate »
error: Content is protected !!