डीजीपी तलब : आयोग ने तरन तारन उपचुनाव के दौरान एसएसपी के खिलाफ शिकायतों पर किया डीजीपी को तलब

by

चंडीगढ़ :  निर्वाचन आयोग ने पंजाब में हाल में हुए विधानसभा उपचुनाव के दौरान तरन तारन की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के खिलाफ शिकायतों को लेकर राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव को 25 नवंबर को यहां तलब किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विपक्षी शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल की शिकायत के बाद निर्वाचन आयोग ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रवजोत कौर ग्रेवाल को निलंबित करने का आदेश दिया था। पार्टी ने चुनाव पर्यवेक्षक को दी गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उपचुनाव के दौरान पुलिस ने उसके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया।

अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने राज्य पुलिस प्रमुख को तलब करके ग्रेवाल के खिलाफ कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी है।

इससे पहले, निर्वाचन आयोग ने डीजीपी से तरनतारन में कथित तौर पर गलत तरीके से प्राथमिकी दर्ज किये जाने की एक अतिरिक्त महानिदेशक रैंक के अधिकारी द्वारा समीक्षा कराने को कहा था।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष बादल ने ग्रेवाल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने 11 नवंबर को हुए उपचुनाव में उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रचार करने से रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल करके उनके खिलाफ झूठी प्राथमिकी दर्ज करवाईं।

ग्रेवाल को निर्वाचन आयोग ने 8 नवंबर को निलंबित कर दिया था।

पुलिस ने एडीजीपी राम सिंह की एक रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को सौंपी, जिसमें दावा किया गया कि मामले कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार दर्ज किए गए थे।

आठ नवंबर को डीजीपी को लिखे एक पत्र में पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता के दौरान निष्पक्ष चुनाव संचालन में गंभीर खामियों का संज्ञान लेते हुए ग्रेवाल को निलंबित किया।

पुलिस पर्यवेक्षक द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि न केवल तरनतारन पुलिस, बल्कि पड़ोसी जिलों अमृतसर, बटाला और मोगा के बलों द्वारा भी समन्वित और ठोस कार्रवाई की गई थी।

बादल ने पिछले महीने पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी को लिखे अपने पत्र में आरोप लगाया था कि राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी राजनीतिक लाभ के लिए तरनतारन में स्थानीय पुलिस का “दुरुपयोग” कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी ने एसएसपी को तरनतारन में अपना “वास्तविक” प्रभारी बना दिया है।

सोमवार को, अकाली दल ने निर्वाचन आयोग में एक और शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि आप के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने तरनतारन उपचुनाव में उसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ “फर्जी प्राथमिकी” दर्ज कीं और “राजनीति से प्रेरित गिरफ्तारियां” कीं।

शिरोमणि अकाली दल उपाध्यक्ष और राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने राज्य सरकार पर निर्वाचन आयोग और उसके पर्यवेक्षकों के समक्ष बार-बार आपत्ति जताए जाने के बावजूद “राज्य मशीनरी का घोर दुरुपयोग” करने का आरोप लगाया।

तरनतारन उपचुनाव में, आप उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने शिरोमणि अकाली दल उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा को 12,091 मतों से हराया।

 

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

दुबई एयर शो में भारतीय वायु सेना का तेजस विमान क्रैश : नगरोटा बगवां निवासी पायलट नमन सयाल शहीद

एएम नाथ। धर्मशाला : दुबई में प्रतिष्ठित एयर शो के दौरान शुक्रवार को एक बड़े हादसे में भारतीय वायु सेना का स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा...
article-image
पंजाब

बाबा तरसेम सिंह मर्डर : 2 लाख के इनामी बदमाश को एनकाउंटर के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तराखंड के प्रसिद्ध गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब में 28 मार्च 2024 को डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड को अंजाम देने वाला दूसरा हत्यारा सरबजीत सिंह तब...
article-image
हिमाचल प्रदेश

मतदाता पहचान पत्र के अतिरिक्त मतदान के लिए12 अन्य दस्तावेज भी मान्य –DC मुकेश रेपसवाल

 एएम नाथ। चंबा 30 मई  :   उपायुक्त एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने  जानकारी देते हुए बताया कि  लोकसभा निर्वाचन-2024 के तहत 1 जून को मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग करने के...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

अनुराग ठाकुर की धमाकेदार हो सकती वापसी – कई मंत्रियों की छुट्टी : मोदी सरकार के बड़े फेरबदल की अटकलें तेज

नई दिल्ली: मोदी सरकार 3.0 में अगले हफ्ते एक बड़े और अहम कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। इसे लेकर राजधानी दिल्ली में सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। हाल ही में गृह...
Translate »
error: Content is protected !!