गद्दार हैं आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सातों सांसद, भाजपा में कुछ नहीं मिलेगा : सीएम भगवंत मान

by

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता राघव चड्ढा समेत सात राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी  में शामिल होने के ऐलान के बाद पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस बड़ी टूट के बीच विदेश दौरे से वापस लौटे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला है। सीएम मान ने बीजेपी पर केंद्रीय जांच एजेंसियों (ED-CBI) का दुरुपयोग कर आम आदमी पार्टी के नेताओं को डराने-धमकाने और ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिए पंजाब सरकार को अस्थिर करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने सातों बागी सांसदों को पंजाबियों का गद्दार करार देते हुए कहा कि बीजेपी पंजाब में अपनी ‘वाशिंग मशीन’ चला रही है, लेकिन वह यहां कभी चुनाव नहीं जीत सकती।

संगठन से बड़ा कोई नहीं, इस्तेमाल कर फेंक देगी BJP

सांसदों के पाला बदलने पर भगवंत मान ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी और संगठन हमेशा व्यक्ति से बड़ा होता है। पार्टी छोड़कर जाने वाले इन सात लोगों ने पंजाबियों के साथ खुली गद्दारी की है। सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि इन लोगों को घर बैठे-बैठे ही पद मिल गए थे, इन्हें कभी जनता के बीच जाकर अपने लिए वोट तक नहीं मांगना पड़ा। मान ने कहा कि आज ये अपनी राजनीति चमकाने के लिए नहीं, बल्कि केंद्रीय एजेंसियों के डर से अपनी जान बचाने के लिए बीजेपी की शरण में गए हैं। मान ने चेतावनी देते हुए कहा कि बीजेपी में इनका कुछ नहीं होने वाला, वहां भी इन्हें सिर्फ इस्तेमाल करके किनारे कर दिया जाएगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जाकर देख लीजिए, आज कैप्टन अमरिंदर सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया का बीजेपी में क्या हाल है, वहां उनकी कोई बात तक नहीं सुनता।

AAP सरकार के कामों और सर्वे से डरी हुई है भाजपा

मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर सीधा वार करते हुए कहा कि इनकी पंजाबियों के साथ बिल्कुल नहीं बनती। किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि बीजेपी ने तब भी गद्दारी की थी। आज वे हमारे सांसदों को तोड़ रहे हैं क्योंकि पंजाब में बीजेपी का अपना कोई जनाधार और कोई मजबूत चेहरा नहीं है। सीएम मान ने दावा किया कि भाजपा हमारी सरकार के शानदार कामों से पूरी तरह डरी हुई है। उन्होंने जरूर कोई अंदरूनी सर्वे करवाया होगा, जिसमें उन्हें पंजाब में अपनी हालत बेहद खस्ता नजर आई होगी। अपनी इसी बौखलाहट और भगवंत मान के विकल्प की कमी के चलते आम आदमी पार्टी को तोड़ने की यह साजिश रची गई है। उन्होंने साफ कहा कि पंजाबी दिल से प्यार करना जानते हैं, लेकिन धोखा देने वालों को पीढ़ियों तक माफ नहीं करते।

अब कैसे आंखें मिलाएंगे रवनीत बिट्टू और राघव चड्ढा?

भगवंत मान ने इस बगावत की सख्त शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को शायद यह बात बिल्कुल पच नहीं रही होगी कि पंजाब में भगवंत मान का कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने बीजेपी के इन नए राजनीतिक समीकरणों पर चुटकी लेते हुए कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू तीन-चार दिन पहले तक राघव चड्ढा को सरेआम गालियां निकाल रहे थे, अब देखना यह दिलचस्प होगा कि एक ही पार्टी में जाने के बाद वे दोनों एक-दूसरे से कैसे मिलेंगे और कैसे आंखें मिलाएंगे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

जंगल मे अवैध खनन माफिया द्वारा बनाये अवैध रास्ते के कारण बने बाढ़ जैसे हालात : तेज रफ्तार पानी ने वन वनस्पति की नष्ट

गढ़शंकर, 14 जुलाई : पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद रामपुर की पंचायत द्वारा जंगली रकबे से हिमाचल प्रदेश के क्रेशर संचालको को दिए अवैध रास्ते से आये तेज रफ्तार से बारिश के...
article-image
पंजाब

डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी  के कार्यालय में 20 मई को प्लेसमेंट कैंप

गढ़शंकर, 19 मई : जिला रोजगार उत्पत्ति, हुनर विकास तथा प्रशिक्षण अधिकारी रमनदीप कौर ने बताया कि 20 मई दिन मंगलवार को जिला रोजगार तथा कारोबार ब्यूरो/मॉडल करियर सेंटर होशियारपुर द्वारा डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण...
article-image
पंजाब

क्वांटम पेपर मिल द्वारा प्रदूषण फैलाने के आरोपों की जांच करवा कर सख्त कार्रवाई की मांग : गांवों के लोगों ने दी थी सांसद को शिकायत

सांसद मनीष तिवारी ने लिखा केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को पत्र गढ़शंकर/होशियारपुर, 3 जनवरी: श्री आनंदपुर साहिब से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर पेपर...
Translate »
error: Content is protected !!