चंडीगढ़, 13 जून : पुनीत महाजन : चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के बाहर शुक्रवार को हुई दिनदहाड़े गोलीबारी की वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने मेडिकल स्टोर के कर्मचारी जांकी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार केमिस्ट की दुकान के बाहर तीन नकाबपोश हमलावर एक्टिवा पर सवार होकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनके पास ऑटोमेटिक पिस्तौलें थीं। हमलावरों ने जांकी को निशाना बनाते हुए करीब सात राउंड फायरिंग की। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल जांकी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार मृतक जांकी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश का रहने वाला था और हाल ही में उसने एक स्थानीय चुनाव भी जीता था। प्रारंभिक जानकारी में आपसी रंजिश या किसी पुराने विवाद को वारदात का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, उसके ठीक सामने पुलिस का बीट बॉक्स मौजूद है, जहां आमतौर पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार इसी मार्केट के एक अन्य केमिस्ट संचालक को पहले कथित तौर पर गैंगस्टरों से धमकियां मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने किसी गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
