बद्दी, 18 जून (तारा) : बद्दी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से खतरनाक व लापरवाही से वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट वाहन दौड़ाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 233 वाहनों के चालान किए हैं।
पुलिस ने यह कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चेतावनी देने के साथ-साथ निर्धारित जुर्माना भी लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।