तकलेच-काशापाट मार्ग पर छाया मातम, हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को किया गमगीन
एएम नाथ। रामपुर : शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार को तकलेच-काशापाट मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक पिकअप वाहन (एचपी-06बी-2420) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन में सवार चालक समेत सभी छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना रामपुर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तकलेच पहुंचाया, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मृतकों की पहचान अभिषेक सैनी (23) पुत्र नर सिंह निवासी शरनाल, अशोक जैन (32) पुत्र दयाल जैन निवासी छल्टा, लायक राम (56) पुत्र स्वर्गीय मागू राम निवासी पट, नितिन जैन (23) पुत्र मैन राम निवासी छल्टा, आशा कुमारी (40) पत्नी सत्य प्रकाश आजाद निवासी गांव कवानू, जिला कुल्लू तथा 12 वर्षीय उगल आजाद पुत्र सत्य प्रकाश आजाद के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन तकलेच से काशापाट की ओर जा रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क से नीचे जा गिरी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
