एएम नाथ। मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीएसएल कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक पंचायत के नवनिर्वाचित उपप्रधान पर एक महिला शिक्षिका ने दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि पंचायत के उपप्रधान ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे बदनाम करने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दीं। महिला ने आरोप लगाया कि डर और सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण वह पहले शिकायत दर्ज नहीं करवा सकी, लेकिन लगातार बढ़ते दबाव और प्रताड़ना के चलते उसने पुलिस का सहारा लिया।
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। एक जनप्रतिनिधि पर लगे इतने गंभीर आरोपों ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि या खंडन किया जा सकेगा। फिलहाल मामले ने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी है और लोग जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।