गढ़शंकर, 1 सितंबर। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में सीपीआई (एम) के आह्वान पर मंगलवार को गढ़शंकर में दर्शन सिंह मट्टू के नेतृत्व में केंद्र की मोदी सरकार का पुतला फूंका गया।
इस मौके पर दर्शन सिंह मट्टू, गुरनेक सिंह भज्जल, बीबी सुभाष मट्टू और कुलविंदर संघा ने कहा कि केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय के दौरान खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि होने से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है।
नेताओं ने कहा कि महंगाई की मार आम जनता पर लगातार पड़ रही है और गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी का इंतजाम करना भी मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय ऐसी नीतियां अपना रही है, जिनका लाभ बड़े कॉरपोरेट घरानों को मिल रहा है।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष जताते हुए सरकार का पुतला फूंका।
इस अवसर पर दर्शन सिंह मट्टू, गुरनेक सिंह भज्जल, बीबी सुभाष मट्टू, कुलविंदर संघा, पूर्व प्रिंसिपल बिक्कर सिंह, रशपाल कौर, तरसेम लाल, हरिंदर सिंह, सोहन सिंह, सीता सिंह, सोढ़ी राम, जतिंदर कुमार और अमरजीत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
