एएम नाथ। शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज मालरोड स्थित ‘सहकार सदन’ के नवीनीकरण कार्य का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस परियोजना पर करीब 2.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और कार्य को 15 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीनीकरण के बाद बहुमंजिला सहकार भवन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कर नया स्वरूप दिया जाएगा। परियोजना के तहत प्रत्येक मंजिल को आवश्यकता के अनुसार व्यवस्थित और आधुनिक बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश का अग्रणी सहकारी बैंक है और आधुनिक व भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। बैंक की पुरानी शाखाओं और इमारतों के आधुनिकीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
परियोजना के तहत मेजनाइन फ्लोर पर आधुनिक वर्कस्टेशन और केबिन पार्टीशन बनाए जाएंगे। ग्राउंड फ्लोर पर नया रिसेप्शन, वर्कस्टेशन और एडवांस स्क्रीनिंग एरिया विकसित किया जाएगा। बेसमेंट-1 में कॉन्फ्रेंस हॉल व वर्कस्टेशन, बेसमेंट-2 में बच्चों के लिए समर्पित क्रैच तथा बेसमेंट-3 में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के साथ व्यवस्थित स्टोरेज एलिवेशन का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकार सदन का कायाकल्प होने से यहां काम करने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ बैंक से जुड़े लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक संजय अवस्थी एवं राम कुमार, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देविन्द्र श्याम, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, बैंक निदेशक संजय शर्मा, हरि कृष्ण हिमराल, प्रबंध निदेशक विनय सिंह तथा महाप्रबंधक जीत राम भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
