बिलासपुर की युवती ने लगाया शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, हमीरपुर पुलिस ने चबूतरा से युवक को पकड़ा
एएम नाथ। हमीरपुर। जिला बिलासपुर की एक युवती की शिकायत पर हमीरपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी हमीरपुर के चबूतरा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने बुधवार देर रात कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, युवती की आरोपी युवक से पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों में दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह संबंध प्रेम प्रसंग में बदल गया। इस दौरान दोनों के बीच शादी को लेकर भी बातचीत हुई।
युवती ने मामले की शिकायत पहले बिलासपुर के संबंधित पुलिस थाने में दर्ज करवाई थी। चूंकि शिकायत से जुड़ी घटना हमीरपुर क्षेत्र की थी, इसलिए बिलासपुर पुलिस ने मामला आगामी कार्रवाई के लिए हमीरपुर पुलिस को भेज दिया।
शिकायत के अनुसार, युवती का आरोप है कि युवक ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां उससे छिपाईं और शादी का भरोसा देकर उसे अपने विश्वास में लिया। आरोप है कि इसी दौरान युवक उसे एक होटल में ले गया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने।
बाद में युवती को युवक द्वारा कथित तौर पर कुछ महत्वपूर्ण व्यक्तिगत जानकारी छिपाए जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद और मतभेद बढ़ गए। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों, आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
