93 स्कूलों के 900 से अधिक विद्यार्थी ले रहे हिस्सा
प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से हासिल किए जा सकते हैं बड़े लक्ष्य : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चार दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का डीसी मुकेश रेपसवाल ने किया शुभारंभ
एएम नाथ। चंबा
चंबा के ऐतिहासिक चौगान में शनिवार को जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिला के 93 विद्यालयों के 900 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। उपायुक्त ने खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, शतरंज, वेटलिफ्टिंग, जूडो, कराटे सहित विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, परिश्रम, एकाग्रता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं, जो उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाते हैं।
मुकेश रेपसवाल ने विद्यार्थियों से अपनी परिस्थितियों को सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बनने देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों से निकलकर भी अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यह साबित करता है कि प्रतिभा, मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का भी आग्रह किया। उपायुक्त ने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में भाग ले रहे विद्यार्थियों में से कई प्रतिभाएं भविष्य में जिला और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
इस दौरान आयोजन समिति की ओर से उपायुक्त को सम्मानित किया गया। उप निदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन ने स्वागत संबोधन में प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपनिदेशक स्कूल शिक्षा गुणवत्ता उपमा शर्मा, सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।