एएम नाथ। शिमला, 5 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को ‘नशे नु ललकार, नौजवानी दी पुकार’ अभियान की टी-शर्ट लॉन्च की। अभियान के तहत 9 अक्तूबर, 2026 को नालागढ़ में मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की बुराई से बचाने तथा उनकी ऊर्जा को खेल, रचनात्मकता और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ने के लिए समाज के सभी वर्गों का सामूहिक प्रयास जरूरी है।
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और इसके दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत करवाने के लिए ‘एंटी-चिट्टा अभियान’ के तहत लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल नशे के कारोबार पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है।
उन्होंने कहा कि 9 अक्तूबर को नालागढ़ में होने वाली मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प का मजबूत संदेश दिया जाएगा। साथ ही नशे के विरुद्ध लड़ाई में युवाओं की सकारात्मक भूमिका को भी सामने लाया जाएगा।
इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा और दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे।
