नाहन, 8 अक्तूबर: लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर अपना संगठनात्मक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगी। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में प्रदेश में संगठन को मजबूत करते हुए नए विजन के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है।
यह बात लोजपा के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र और हिमाचल प्रभारी विधुरी ने नाहन में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
सरकार पर स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर निशाना
विधुरी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल की मौजूदा स्थिति किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कालाअंब से नाहन तक सड़क की खराब स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति संतोषजनक नहीं है। पार्टी हिमाचल में नए विजन के साथ काम करेगी और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।
खिलाड़ियों के लिए प्रभावी खेल नीति की जरूरत
विधुरी ने खेल क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि हिमाचल में खिलाड़ियों के लिए स्पष्ट और प्रभावी खेल नीति का अभाव है। उनके अनुसार प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी पर्याप्त अवसर और सुविधाएं नहीं मिलने के कारण खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोजपा सत्ता में आती है तो खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ठोस नीतियां बनाने पर जोर दिया जाएगा।
नाहन में स्टील प्लांट लगाने की पहल का किया जिक्र
विधुरी ने लोजपा के तत्कालीन विधायक स्व. सदानंद चौहान के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय नाहन में स्टील प्लांट लाने की पहल की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार ने इस प्लांट को नाहन के बजाय कांगड़ा भेज दिया।
उन्होंने कहा कि यदि स्टील प्लांट नाहन में स्थापित होता तो क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते थे और बेरोजगारी की समस्या को कम करने में मदद मिलती।
प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने जताया आभार
प्रेस वार्ता के दौरान लोजपा हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि वह अपने पिता और पार्टी के पूर्व विधायक स्व. सदानंद चौहान के सपनों को साकार करने के लिए नाहन सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में लोजपा के संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यकर्ताओं ने उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रसाद भी वितरित किया गया।
