रोंगटोंग परियोजना : कांग्रेस बोली, टेस्टिंग पूरी, भ्रम फैलाना बंद करे भाजपा
कांग्रेस के कार्यकाल में स्वीकृत हुई थी ICMR परियोजना: कुन्जंग गटुक
सुक्खू के दौरे से पहले काज़ा में राजनीतिक पारा चढ़ा
एएम नाथ। शिमला : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आगामी स्पीति दौरे और रोंगटोंग में 2 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना के उद्घाटन से ठीक पहले लाहौल-स्पीति में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। जिला कांग्रेस कमेटी लाहौल-स्पीति के प्रवक्ता कुन्जंग गटुक ने भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे जनता को गुमराह करने की कोशिश करार दिया है। मंगलवार को जारी बयान में कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा स्पीति मंडल अध्यक्ष डिमडुल गटुक के उस आरोप पर पलटवार किया, जिसमें सौर परियोजना का उद्घाटन बिना टेस्टिंग के किए जाने की बात कही गई थी। कुन्जंग गटुक ने कहा, “हमने स्वयं रोंगटोंग सौर ऊर्जा परियोजना स्थल का दौरा कर उच्च अधिकारियों से स्थिति की समीक्षा की है। परियोजना की सभी आवश्यक टेस्टिंग प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। अनुकूल मौसम में यह संयंत्र 2 मेगावाट बिजली उत्पादन के लिए पूरी तरह तैयार है, साथ ही इसमें 500 किलोवाट का बैटरी स्टोरेज भी उपलब्ध है।”
——————–
महिला सुरक्षा पर दोहरे मापदंड का आरोप
हाल ही में असम के एक कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा द्वारा निकाली गई विरोध रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए गटुक ने कहा कि महिला सुरक्षा और सामाजिक न्याय सर्वोपरि हैं, लेकिन भाजपा इसमें दोहरे मापदंड अपनाती है। जब भाजपा के अपने नेताओं पर महिलाओं से उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगते हैं, तब पार्टी के स्थानीय नेता चुप्पी साध लेते हैं।
——————–
ICMR प्रोजेक्ट के श्रेय पर सवाल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा द्वारा हाल ही में उद्घाटित ICMR परियोजना के संदर्भ में कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह परियोजना तत्कालीन कांग्रेस सरकार के शासनकाल में स्वीकृत की गई थी। उस समय रवि ठाकुर कांग्रेस विधायक और जनजातीय आयोग के उपाध्यक्ष थे। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना का श्रेय लेने से पहले भाजपा को उसका ऐतिहासिक तथ्य जनता के सामने रखना चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि स्पीति घाटी को बयानबाज़ी की नहीं, बल्कि बुनियादी ढांचे, रोज़गार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की ज़रूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू के आगमन का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि रोंगटोंग सौर परियोजना स्थानीय निवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
