मुख्यमंत्री सुक्खू ने सुरक्षित एवं सुचारू व्यवस्थाओं के लिए प्रदेश पुलिस को दी बधाई, नैना देवी में पहुंचे सर्वाधिक 3.95 लाख श्रद्धालु
शिमला, 20 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश में 11 से 19 अक्तूबर, 2026 तक आयोजित नवरात्रि उत्सव के दौरान प्रदेश के सात प्रमुख शक्तिपीठों एवं मंदिरों में कुल 10,25,726 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस अवधि में 1,04,520 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश पुलिस को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और व्यावसायिक दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस, जिला प्रशासन, मंदिर न्यासों, होमगार्ड और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की भी सराहना की।
नवरात्रि के दौरान श्री नैना देवी मंदिर में सर्वाधिक 3,95,226 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। इसके अतिरिक्त श्री ज्वालामुखी मंदिर में 1,80,000, श्री चिंतपूर्णी मंदिर में 1,39,000, श्री बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में 1,06,600, श्री चामुंडा देवी मंदिर में 70,500, श्री ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में 69,400 तथा श्री बगलामुखी मंदिर में 65,000 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित मंदिरों तक पहुंचने वाले संकरे रास्तों और सीमित पार्किंग सुविधाओं के कारण श्रद्धालुओं एवं वाहनों का व्यवस्थित प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा। इसे देखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, कतार संचालन और जनसुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए। इन व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को सुचारू रूप से दर्शन करने में सहायता मिली।
मुख्यमंत्री ने लंबे समय तक ड्यूटी निभाने वाले पुलिस कर्मियों के योगदान की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने व्यवस्थाओं में सहयोग देने के लिए मंदिर प्रबंधन, स्वयंसेवकों, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने नागरिकों एवं प्रदेश में आने वाले पर्यटकों से अपील की कि पुलिस, अग्निशमन या एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सहायता के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 112 का उपयोग करें।
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का प्रोत्साहन पुलिस बल को जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने नवरात्रि के दौरान तैनात पुलिस अधीक्षकों, पर्यवेक्षण अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
