युद्ध नशे के विरुद्ध के तहत सरहाला कलां में की जागरूकता बैठक
कहा, खेलों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाए, गांव भूंगरनी में 29 अक्टूबर को लगेगा रोजगार
होशियारपुर (दलजीत अजनोहा), 23 अक्टूबर : पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से बड़े स्तर पर शुरू किए गए जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आज गांव सरहाला कलां में सहायक कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) अमनदीप कौर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित पहुंचकर लोगों को नशे के घातक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इस सामाजिक बुराई का खात्मा साझे प्रयासों से ही संभव है।
गांववासियों से बातचीत करते हुए सहायक कमिश्नर अमनदीप कौर ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता समय की मुख्य मांग है, जिसके लिए सभी को एकजुट होकर इस सामाजिक बुराई के खात्मे का प्रण लेना चाहिए ताकि युवाओं का सुनहरा भविष्य सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने बताया कि युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत संबंधित विभागों द्वारा आपसी तालमेल से काम करते हुए ड्रग हॉटस्पॉट पर पहुंचकर जागरूकता को और तेज किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से बातचीत करते हुए उन्हें आह्वान किया कि इस समाज कल्याण के कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जाए, जिसके भविष्य में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए, जिससे नशों के बुरे प्रभावों के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाकर लोगों को नशों की गिरफ्त में आने से रोका जा सके।
सहायक कमिश्नर अमनदीप कौर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा लगातार नशों के घातक प्रभावों के बारे में जागरूकता अभियान चलाई जा रही है, जिसके तहत 60 दिन का एक्शन प्लान बनाकर जरूरी गतिविधियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि गांवों में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित विभाग द्वारा गांव-गांव सेमिनार करवाकर रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी श्रृंखला के तहत 29 अक्टूबर को गांव भूंगरनी में रोजगार मेला लगाया जाएगा, जहां विभिन्न औद्योगिक इकाइयों द्वारा युवाओं के लिए रोजगार की पेशकश की जाएगी। उन्होंने गांवों के निवासियों से अपील की कि युवाओं को उनकी मनपसंद खेलों से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों में अपनी उचित भूमिका निभाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास भी नशा तस्करों के बारे में कोई जानकारी हो तो वह बेझिझक संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचित करके उचित कार्रवाई सुनिश्चित कर सकता है। इस अवसर पर डी.एस.पी. भारत भूषण और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
कैप्शन : सहायक कमिश्नर अमनदीप कौर गांव सरहाला कलां में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत गांववासियों से बातचीत करते हुए।
