नागरिक अस्पताल देहरा की रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित
डेड हाउस रेफ्रिजरेटर के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की
राकेश शर्मा : देहरा/ तलवाड़ा | नागरिक अस्पताल देहरा में को रोगी कल्याण समिति की शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में देहरा की विधायक श्रीमती कमलेश ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बैठक में अस्पताल की वार्षिक कार्यप्रणाली, आय-व्यय विवरण, आगामी वित्त वर्ष के बजट तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
विधायक श्रीमती कमलेश ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने, स्वास्थ्य संस्थानों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और मरीजों को बेहतर उपचार प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक व्यक्ति को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। सरकारी अस्पतालों में आवश्यक उपकरणों, दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में न जाना पड़े।
बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिन्द्र पाल सिंह ने रोगी कल्याण समिति के गठन एवं इसके कार्यों की जानकारी दी। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिलशान अहमद ने नागरिक अस्पताल देहरा की वित्त वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्य प्रदर्शन रिपोर्ट प्रस्तुत की।
रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान नागरिक अस्पताल देहरा में 1,49,545 मरीजों की ओपीडी में जांच की गई, जबकि 11,539 मरीजों को भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया। इस अवधि में 412 संस्थागत प्रसव करवाए गए तथा 107 बड़ी और 1,878 छोटी शल्य चिकित्सा प्रक्रियाएं की गईं।
अस्पताल की प्रयोगशाला में कुल 68,715 सामान्य जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त, 11,785 एक्स-रे, 2,466 ईसीजी तथा 6,839 अल्ट्रासाउंड किए गए। इनमें 4,400 सामान्य तथा 2,439 प्रसवपूर्व जांचें शामिल रहीं। जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत 4,01,853 रुपये मूल्य की प्रयोगशाला जांचें निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 999 जांचें की गईं, जबकि एकीकृत परामर्श एवं जांच केंद्र में एचआईवी की 3,081 तथा एसटीएस की 971 जांचें दर्ज की गईं।
रिपोर्ट में बताया गया कि अस्पताल की बेड क्षमता का उपयोग 45.1 प्रतिशत रहा तथा 323 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 209 तथा हिमकेयर योजना के तहत 216 मरीजों को उपचार सुविधा प्रदान की गई।
बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण तथा वित्त वर्ष 2026-27 का बजट अनुमान भी प्रस्तुत किया गया। समिति को वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 52,34,363.67 रुपये की प्राप्ति हुई, जिसमें यूजर चार्जिज से प्राप्त 8,31,490 रुपये शामिल हैं। इस अवधि में कुल 58.25 लाख रुपये व्यय किए गए। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 45.20 लाख रुपये की अनुमानित आय तथा 63.49 लाख रुपये के व्यय का बजट प्रस्तावित किया गया।
बैठक में अस्पताल के लिए आवश्यक मशीनरी, चिकित्सा उपकरणों एवं फर्नीचर की खरीद से संबंधित विवरण भी प्रस्तुत किया गया। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 2,20,432 रुपये की मशीनरी एवं उपकरण तथा 2,93,250 रुपये का फर्नीचर खरीदा गया।
इसके उपरांत डॉ. अक्षत चौधरी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर की वार्षिक कार्य प्रदर्शन रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा केंद्र की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती कमलेश ठाकुर ने नागरिक अस्पताल देहरा में डेड हाउस रेफ्रिजरेटर की खरीद के लिए 2 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने पोस्टमार्टम के दौरान सफाई कर्मचारी को दिए जाने वाले मानदेय को बढ़ाकर 500 रुपये प्रति पोस्टमार्टम करने घोषणा की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर की फेंसिंग का कार्य रोगी कल्याण समिति के फंड से करवाने के निर्देश दिए।
विधायक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर में चारदीवारी, सेंट्रल हीटिंग व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए, ताकि इन कार्यों के लिए आगामी कार्रवाई की जा सके।
विधायक श्रीमती कमलेश ठाकुर ने कहा कि रोगी कल्याण समिति का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना तथा स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के शासी निकाय के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, विधायक देहरा के निजी सहायक राजकुमार, नगर परिषद अध्यक्ष निष्ठा चम्वयाल सहित स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
