विकसित भारत के संकल्प में हिमाचल की भागीदारी मजबूत करें : राज्यपाल

by

चंबा की विरासत, संसाधनों और युवा शक्ति के समुचित उपयोग पर दिया बल

अटल टनल और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से दुर्गम क्षेत्रों में खुले विकास के द्वार

‘वोकल फॉर लोकल’ से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार, युवाओं को उद्यमी बनने का आह्वान

एएम नाथ। चंबा : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और समावेशी विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय संसाधनों और युवा शक्ति का समुचित उपयोग आवश्यक है। वह शनिवार को चंबा के ऐतिहासिक चौगान में ‘विकसित भारत-विकसित हिमाचल’ विषय पर आयोजित तीसरे डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो-2026 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल ने कहा कि एक्सपो रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी और कौशल विकास के अवसरों से लोगों को जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। विकसित भारत का लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब प्रत्येक राज्य, जिला और गांव विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और कारीगरों से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
————————
पर्यटन और बेहतर संपर्क से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

राज्यपाल ने कहा कि अटल टनल और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी पहलों से हिमाचल के दूरदराज एवं दुर्गम क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। बेहतर सड़क संपर्क से बाजारों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों तक पहुंच आसान हुई है। उन्होंने कहा कि इसका लाभ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी मिलना चाहिए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
उन्होंने चंबा में ग्रामीण, धार्मिक और साहसिक पर्यटन के साथ होमस्टे को बढ़ावा देने पर बल दिया। इससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। हालांकि, पर्यटन विकास के साथ हिमालय के संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी सुनिश्चित करना होगा।
——————
स्थानीय उत्पादों को आधुनिक बाजार से जोड़ने पर जोर

राज्यपाल ने चंबा रुमाल, लकड़ी की नक्काशी, स्थानीय खाद्य पदार्थों और कृषि-बागवानी उत्पादों की पहचान बढ़ाने के लिए आधुनिक डिजाइन, गुणवत्ता, डिजिटल मार्केटिंग और प्रभावी विपणन व्यवस्था अपनाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को पारंपरिक कारीगरों के सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कौशल उन्नयन, आधुनिक उपकरणों और वित्तीय सहायता का लाभ उठाने की अपील की। किसानों की आय बढ़ाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को भी जरूरी बताया।
—————–
रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बनें युवा

राज्यपाल ने युवाओं से नौकरी तलाशने तक सीमित न रहकर पर्यटन, कृषि, प्रौद्योगिकी और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में उद्यम स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने एक्सपो में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, वैज्ञानिक संस्थानों और कौशल विकास संगठनों की भागीदारी की सराहना की।
इससे पूर्व सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने राज्यपाल का स्वागत कर उन्हें हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने चंबा को विकास एवं प्रेरणा का केंद्र बनाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयासों को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में विधायक नीरज नैयर, डॉ. हंसराज, पूर्व विधायक विक्रम जरयाल, पवन नैयर, जिया लाल कपूर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

26 अगस्त को भव्य शोभा यात्रा के साथ शुरू होगा राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव : एसडीएम गुरसिमर सिंह

एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजन की रूपरेखा को लेकर बैठक आयोजित नूरपुर,24 जुलाई। एसडीएम गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में आज मंगलवार को स्थानीय मिनी सचिवालय में ऐतिहासिक श्री बृजराज स्वामी मंदिर में मनाए जाने...
article-image
हिमाचल प्रदेश

विधायक नीरज नैय्यर की माता के निधन पर उपमुख्यमंत्री ने व्यक्त की शोक संवेदनाएं

चंबा, 2 अक्तूबर : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज चंबा का प्रवास कर विधायक नीरज नैय्यर के निवास स्थल पर उनकी माता स्वर्गीय चंचल नैय्यर के निधन पर शोक व्यक्त किया है । मुकेश...
article-image
हिमाचल प्रदेश

लोग मलबा हटाने के लिए खुद से लगा रहे हैं जेसीबी मशीन प्रशासन का इंतजार कब तक : जयराम ठाकुर

आपदा ग्रस्त बस्सी और मुसरानी पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एएम नाथ। मण्डी : जयराम ठाकुर आपदा ग्रस्त सराज विधानसभा क्षेत्र के बस्सी और मुसरानी गांव पहुंचकर आपदा प्रभावितों से मिले और नुकसान का...
article-image
हिमाचल प्रदेश

12 जनवरी से चंबा प्रवास पर रहेंगे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

विभिन्न संपर्क सड़क का करेंगे भूमि पूजन एएम नाथ। चम्बा : विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 12 और 13 जनवरी को चंबा प्रवास पर रहेंगे। विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष 10 जनवरी...
Translate »
error: Content is protected !!