एचपीपीएससी की असिस्टेंट प्रोफेसर (डर्मेटोलॉजी) परीक्षा में मिली सफलता; ज्वालाजी नागरिक चिकित्सालय में त्वचा रोग विशेषज्ञ के रूप में दे रही हैं सेवाएं
एएम नाथ। सरकाघाट। मंडी जिला के उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत पौंटा के चुहक गांव की डॉ. रितु रानी ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) की असिस्टेंट प्रोफेसर (डर्मेटोलॉजी) परीक्षा में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
डॉ. रितु रानी वर्तमान में नागरिक चिकित्सालय ज्वालाजी में त्वचा रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं। परिवारजनों के अनुसार, वह ड्यूटी की व्यस्तता के बावजूद अपनी पढ़ाई के लिए नियमित समय निकालती थीं। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम इस सफलता के रूप में सामने आया है।
डॉ. रितु रानी के पति एचएएस परीक्षा में टॉपर रहे हैं, जबकि उनके ससुर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी सास गृहिणी हैं। परिवार के सदस्यों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे उनकी मेहनत और निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया।
डॉ. रितु रानी की सफलता पर चुहक गांव सहित सरकाघाट क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
