कांग्रेस के वादे अधूरे, सरकार की विदाई नजदीक….चिट्टा माफिया पर कार्रवाई के बजाय समोसे की जांच में उलझी सरकार : जयराम ठाकुर

by

नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को किया सम्मानित; हिमकेयर, सहारा और स्वावलंबन जैसी योजनाएं बंद करने का लगाया आरोप

एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के नेरवा में रविवार को भाजपा की ओर से नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए कार्यकर्ताओं से जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सरकार की विदाई नजदीक है और भाजपा दोबारा सत्ता में लौटेगी।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि चार साल बीतने के बावजूद प्रदेश सरकार अपनी चार प्रमुख योजनाओं के नाम तक नहीं बता सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय शुरू की गई हिमकेयर, सहारा, स्वावलंबन और जनमंच जैसी योजनाओं को बंद कर दिया गया है।

महिलाओं और युवाओं से किए वादों पर उठाए सवाल

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने और पांच साल में पांच लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध करवाने का वादा किया गया था, लेकिन ये वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने दावा किया कि 24 लाख महिलाएं अब भी आर्थिक सहायता मिलने की प्रतीक्षा कर रही हैं।

उन्होंने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली के इस्तेमाल पर भी भारी बिलों का सामना करना पड़ रहा है। दूध और गोबर खरीदने के वादों को भी उन्होंने अधूरा बताया।

चिट्टा और अपराध के मुद्दे पर सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में नशे और अपराध की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चिट्टा तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों के बजाय समोसे की सीआईडी जांच को लेकर अधिक चर्चा में रही। उन्होंने विमल नेगी की मौत के मामले में भी परिजनों को केवल आश्वासन मिलने की बात कही।

चौपाल के 84 में से 74 प्रधान भाजपा विचारधारा के होने का दावा

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि चौपाल क्षेत्र के 84 पंचायत प्रधानों में से 74 भाजपा विचारधारा से जुड़े हैं। उन्होंने सैंज-देहा-नेरवा-चौपाल सड़क के सुधार का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के दौरान नेरवा में रोड शो आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यकर्ताओं के साथ सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान जयराम ठाकुर ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 115वां संस्करण भी सुना। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेकर जनसेवा के कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप, चौपाल के विधायक बलबीर सिंह वर्मा और पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

ठियोग और शिमला शहरी विस क्षेत्रों में स्वीप गतिविधियां आयोजित

शिमला 31 मार्च – लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आज ठियोग विधानसभा क्षेत्र के तहत कम मतदाता मतदान दर वाले मतदान केंद्र बारूबाग थानेधार में स्वीप गतिविधियां आयोजित कर लोगों को बढ़-चढ़ कर मतदान करने...
article-image
पंजाब , समाचार , हिमाचल प्रदेश

खाली हाथ लौटी पुलिस : डीआईजी डा. एस भूपति के नेतृत्व तीन सौ पुलिस कर्मवारियों ने चलाया चार घंटे बसती सैसियां में सर्च अपरेशन

गढ़शंकर। गांव बसती सैसियां में डीआईजी डा. एस भूपति के नेतृत्व में तीन सौ पुलिस अधिकारयिों व कर्मचारियों में नशे के खिलाफ चलाए अभियान के तहत अचानक पहुंच कर सर्च अपरेशन चलाया। हालांकि पुलिस...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के मंडी में 61 किलो पोस्त जब्त : पंजाब के 2 युवक गिरफ्तार

मंडी : प्रदेश में चल रहे एंटी-ड्रग अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है, मंडी जिला पुलिस ने आज मंडी जिले में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए हैं और पंजाब के दो...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

इंस्टाग्राम से युवाओं को फंसा रहा शहजाद भट्टी मॉड्यूल: स्पेशल सेल ने बदला ट्रैप

नई दिल्ली। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और उसका मोहरा बने पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी माॅड्यूल की साजिशें इस समय भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। देश में आतंकी वारदात कराने...
Translate »
error: Content is protected !!