20 पंचायतों के 47 गांवों के 50 हजार लोगों को मिलेगा लाभ; दो डॉक्टर और एक स्टाफ नर्स की तैनाती
एएम नाथ। शिमला/सिरमौर, 30 अक्टूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से सिरमौर जिले के रेणुका विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का लोकार्पण किया। 6.92 करोड़ रुपये की लागत से बने छह बिस्तरों वाले इस स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों और 47 गांवों के करीब 50 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में यह केंद्र महत्वपूर्ण साबित होगा। यहां मरीजों को समय पर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी और उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य केंद्र में दो चिकित्सा अधिकारियों और एक स्टाफ नर्स की तैनाती की गई है।
31 मार्च 2027 तक स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ बढ़ाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य क्षेत्र की अनदेखी होने और उस समय अस्पतालों में केवल 35 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार 31 मार्च 2027 तक स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता 70 प्रतिशत से अधिक करने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा महाविद्यालयों, क्षेत्रीय अस्पतालों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण आबादी को भी बेहतर उपचार मिल सके।
संगड़ाह स्कूल को सीबीएसई से जोड़ने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र में प्रतिदिन 5 हजार लीटर क्षमता का मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया।
स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने सीएचसी भवन के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से आसपास के 50 हजार लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर शिमला में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, सचिव स्वा
