नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए गांव ले जा रहे थे मां-बेटे; दरोटी संपर्क सड़क पर सुबह 8:30 बजे हुआ हादसा, मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार रुपये की फौरी राहत
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के नावर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दरोटी संपर्क सड़क पर सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। मृतकों में दरोटी गांव के मां-बेटे के अलावा तीन नेपाली नागरिक शामिल हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरोटी निवासी प्रमोद की पत्नी कल्पना देवी और उनका बेटा कुशल शनिवार सुबह कार में नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए गांव की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी सड़क पर कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की जान चली गई।
मां-बेटे सहित पांच मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुशल पुत्र प्रमोद और उनकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद निवासी दरोटी गांव के रूप में हुई है। इनके अलावा नेपाली नागरिक निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम की भी मौत हो गई।
हादसे में घायल व्यक्ति को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद शिमला रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार रुपये की राहत
प्रशासन की ओर से हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को फौरी राहत प्रदान की गई है। तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार टिक्कर मेहर सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार रुपये की राहत राशि दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दरोटी संपर्क सड़क पहाड़ी और घुमावदार है। ऐसे में यहां वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत रहती है। कार सड़क के ऊपरी हिस्से से नीचे जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौत से मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
