24 सप्ताह की गर्भावस्था के बराबर हो गया था गर्भाशय का आकार; डॉक्टरों की टीम ने जटिल सर्जरी कर मरीज को दी राहत
गढ़शंकर, 31 अक्टूबर : गढ़शंकर के सब-डिवीजनल अस्पताल (एसडीएच) में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए महिला मरीज के गर्भाशय से करीब 5 किलो वजन की गांठ निकाली है। गर्भाशय का आकार 24 सप्ताह से अधिक की गर्भावस्था के बराबर हो गया था। इसमें कई रसौलियां (मल्टीपल फाइब्रॉइड) और पॉलिप्स मौजूद थे।
इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सर्जन डॉ. परमहंस ने अंजाम दिया। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. एलिका शर्मा और पैरामेडिकल ओटी स्टाफ ने सहयोग किया।
इस संबंध में एसएमओ डॉ. निर्मल कुमार ने बताया कि इस तरह के जटिल और बड़े ऑपरेशन सामान्यतः बड़े शहरों के अस्पतालों में किए जाते हैं। गढ़शंकर के सरकारी अस्पताल में इस प्रकार की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने ऑपरेशन करने वाली पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ऑपरेशन के बाद महिला मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है। फिलहाल उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
फोटो कैप्शन: गढ़शंकर के सिविल अस्पताल में सफल ऑपरेशन करने वाली डॉक्टरों की टीम।
