चुनाव से पहले तेज हुई दल-बदल की राजनीति, कुंवर विजय प्रताप सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने छोड़ी पार्टी
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में दल-बदल का दौर तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए उसके तीन विधायकों ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। इनमें अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों विधायकों ने पिछले दो दिनों के दौरान आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया था। रविवार को चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी से किनारा कर लिया, जबकि सोमवार को कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी AAP से इस्तीफा दे दिया।
पार्टी छोड़ने के बाद तीनों विधायकों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया। विधानसभा चुनाव से पहले इन नेताओं के भाजपा में जाने से पंजाब की सियासत में नए समीकरण बनने की संभावना है। वहीं, आम आदमी पार्टी के लिए यह घटनाक्रम राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
