दिवाली की खरीदारी कर लौट रहे थे दंपती, पीएयू गेट के बाहर रास्ता रोककर दी धमकी; नानकसर गुरुद्वारे के पास दोबारा चलाई गोलियां
लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में दिवाली की खरीदारी कर घर लौट रहे पत्रकार दंपती पर शनिवार देर रात जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। साउथ सिटी में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के गेट नंबर-8 के बाहर सफेद एक्टिवा पर सवार नकाबपोश व्यक्ति ने उनकी कार का रास्ता रोककर फायरिंग शुरू कर दी। दंपती ने कार की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने करीब दो किलोमीटर तक उनका पीछा किया और रास्ते में दोबारा गोलियां चलाईं। घटना के बाद दंपती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
निजी न्यूज चैनल संचालित करने वाली महिला पत्रकार नवनीत कौर ने बताया कि वह अपने पति गगनदीप अरोड़ा के साथ दिवाली की खरीदारी करने निकली थीं। गगनदीप एक प्रतिष्ठित अखबार में इंचार्ज हैं। खरीदारी के बाद दोनों ने बाहर खाना खाया और रात करीब 12 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीएयू के गेट नंबर-8 के पास एक व्यक्ति ने सफेद एक्टिवा उनकी कार के आगे लगा दी।
रास्ता रोककर दी धमकी, फिर बरसाईं गोलियां
नवनीत कौर के मुताबिक, एक्टिवा सवार ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था। जब उन्होंने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो उसने गगनदीप को धमकाते हुए कहा, ‘रुको, अभी तुम लोगों की बदमाशी निकालता हूं।’ इसके तुरंत बाद उसने कार पर गोलियां चला दीं।
खतरा भांपते हुए गगनदीप ने कार तेज गति से आगे बढ़ा दी, लेकिन हमलावर ने पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान कार की डिक्की पर गोलियां लगीं। हमलावर ने फिरोजपुर रोड पर नानकसर गुरुद्वारे के पास एक बार फिर फायरिंग की। इसके बाद वह मल्हार रोड की तरफ करीब दो किलोमीटर तक कार का पीछा करता रहा। आखिरकार दंपती हमलावर को पीछे छोड़कर सुरक्षित अपने कार्यालय पहुंचने में कामयाब रहा।
विदेशी नंबरों से मिलती रही हैं धमकियां
नवनीत कौर ने पुलिस को बताया कि न्यूज चैनल का संचालन करने के कारण उन्हें पहले भी विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन आते रहे हैं, लेकिन इस तरह सीधे हमला करने की घटना पहली बार हुई है। उन्होंने हमलावर की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने और वारदात के पीछे की वजह सामने लाने की मांग की है।
112 पर नहीं लगा फोन, पुलिस कमिश्नर से किया संपर्क
महिला पत्रकार के अनुसार, घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग सकी। इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा से बात की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस कमिश्नर भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को मौके से गोली का कोई खोल नहीं मिला।
सेफ सिटी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
दंपती ने थाना पीएयू में लिखित शिकायत दी है। नवनीत कौर का कहना है कि पूरी वारदात सड़क पर लगे सेफ सिटी कैमरों में कैद हुई हो सकती है। थाना पीएयू के एसएचओ कुलवंत सिंह ने बताया कि मामला दर्ज शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। आसपास के सेफ सिटी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावर की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
