ऊना के दोहरे हत्याकांड पर जताया शोक
रोहित जसवाल/ एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश में शिक्षकों के प्रस्तावित प्रदर्शन पर रोक लगाने के सरकार के फैसले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मामले में अलग-अलग मापदंड अपना रही है। जयराम ठाकुर के अनुसार, सरकार अपने राजनीतिक कार्यक्रमों और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ होने वाले प्रदर्शनों को लोकतांत्रिक अधिकार बताती है, जबकि अपनी मांगें उठाने वाले शिक्षकों पर पाबंदियां लगा रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनका मंत्रिमंडल जब संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ प्रदर्शन और रोड शो करते हैं तो उसे लोकतंत्र की खूबसूरती बताया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में चुनाव आयोग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, आयोग के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिखे गए और कार्यालय में आग लगाने की धमकियां दी गईं, लेकिन सरकार ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग की देखरेख में हुए चुनाव के बाद सुक्खू मुख्यमंत्री बने, उसी आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लोकतांत्रिक अधिकार बताया जा रहा है। वहीं, शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले ही प्रतिबंध लगाने का फैसला किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने इसे सरकार के दोहरे रवैये का उदाहरण बताते हुए कहा कि विरोध की आवाज को इस तरह दबाया नहीं जा सकता।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान किए गए वादों और गारंटियों के आधार पर सत्ता हासिल की थी, लेकिन अब सरकार अपनी नाकामियों को लेकर उठ रहे सवालों से बचने के लिए विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से शिक्षकों सहित प्रदेश के सभी वर्गों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और चुनावी वादों को पूरा करने की मांग की।
ऊना के दोहरे हत्याकांड पर जताया दुख
नेता प्रतिपक्ष ने ऊना जिले के दबोली में पति-पत्नी की हत्या की घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे हृदयविदारक बताते हुए कहा कि हिमाचल जैसे शांतिपूर्ण प्रदेश में इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवार को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग भी की।
