तीन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, संजीव ठाकुर बने धर्मशाला के जिला पर्यटन विकास अधिकारी; पुलिस विभाग में भी बदलाव
एएम नाथ । शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचपीएएस) के सात अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत पदभार का इंतजार कर रहे तीन अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेशों के अनुसार, जयसिंहपुर के एसडीएम संजीव ठाकुर को धर्मशाला में जिला पर्यटन विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह बालीचौकी के एसडीएम बचित्र सिंह जयसिंहपुर का कार्यभार संभालेंगे। वहीं, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कांगड़ा विनय धीमान को इस पद से हटाकर कार्मिक विभाग के पूल में भेज दिया गया है।
तीन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
तैनाती का इंतजार कर रहे सिद्धार्थ आचार्य को भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। राजिंद्र कुमार गौतम को सचिवालय प्रशासन विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह कुलवंत सिंह को एसडीएम कुपवी लगाया गया है। वह चौपाल के एसडीएम हेम चंद वर्मा को इस पद के अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करेंगे।
बबिता धीमान एसी-टू-डीसी कुल्लू नियुक्त
घुमारवीं में सहायक आयुक्त (राजस्व)-कम-तहसीलदार के पद पर तैनात बबिता धीमान को सहायक आयुक्त, उपायुक्त कुल्लू नियुक्त किया गया है। वह जिला पर्यटन विकास अधिकारी कुल्लू डॉ. रोहित शर्मा को इस पद के अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करेंगी।
वहीं, हमीरपुर में सहायक आयुक्त (विकास)-कम-खंड विकास अधिकारी के पद पर तैनात रजत चौधरी का तबादला भोरंज कर दिया गया है। वह वहां भी इसी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे।
मदन लाल बने प्रथम आइआरबीएन बनगढ़ के कमांडेंट
पुलिस विभाग में भी बदलाव किया गया है। एचपीएस अधिकारी मदन लाल को प्रथम आइआरबीएन बनगढ़, जिला ऊना का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। इस पद का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहीं आईपीएस अधिकारी डॉ. आकृति को पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। उनकी आगामी तैनाती के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।
