पवन काजल ने 1500 रुपये महिला सम्मान राशि, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और रोजगार गारंटी पर सरकार को घेरा
एएम नाथ। कांगड़ा। प्रदेश सरकार के खिलाफ कांगड़ा में आयोजित भाजपा की रैली में पूर्व मंत्री एवं कांगड़ा जिला प्रभारी विक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सुक्खू लंबे समय तक संगठन में मनोनीत नेता के रूप में काम करते रहे हैं और वे निर्वाचित नेता नहीं रहे।
विक्रम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री का पद जनता के चुनाव से हासिल होता है और आने वाले चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के कथित झूठे वादों और गारंटियों का जवाब देगी। अपने 27 साल के राजनीतिक जीवन का हवाला देते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू को प्रदेश का सबसे ‘झूठा मुख्यमंत्री’ तक करार दिया।
बूथ स्तर पर पार्टी मजबूत करने का आह्वान
विक्रम ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपने-अपने पोलिंग बूथ को मजबूत करने और पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को कहा।
जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर रेयूंद खड्ड पुल पर भाजपा कार्यकर्ता दीपक जलाकर नई सुरंग और सड़क के शुभारंभ के लिए केंद्र सरकार का आभार जताएंगे। इस दौरान प्रत्येक पोलिंग बूथ पर ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाया जाएगा।
पवन काजल ने गारंटियों पर सरकार को घेरा
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं विधायक पवन काजल ने कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और हर साल एक लाख युवाओं को पक्का रोजगार देने की गारंटी देकर जनता को गुमराह किया।
काजल ने कहा कि सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री आर्थिक तंगी का हवाला देकर अपनी गारंटियों से पीछे हट रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने के बजाय उनका कथित बकाया 70 हजार रुपये एकमुश्त देकर चुनावी गारंटी पूरी की जाए।
पवन काजल की तारीफ
विक्रम ठाकुर ने पवन काजल की भी प्रशंसा की। उन्होंने उन्हें जिला कांगड़ा का ऐसा ओबीसी नेता बताया, जिसने लगातार तीन चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पकड़ साबित की है।
रैली के दौरान भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए अभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया।
