चंडीगढ़। पंजाब के राजपुरा-शंभू रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी ने रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर न केवल घटना का समर्थन किया था, बल्कि ब्लास्ट को अंजाम देने वालों की तारीफ भी की थी। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
यह विस्फोट 27 अप्रैल को डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) की रेलवे लाइन पर किलोमीटर संख्या 1174-5 के पास शंभू और राजपुरा रेलवे स्टेशनों के बीच हुआ था। NIA के मुताबिक, इस विस्फोट को कथित तौर पर खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) की आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और पंजाब में कानून-व्यवस्था को अस्थिर करने के उद्देश्य से अंजाम दिया गया था।
ब्लास्ट का वीडियो शेयर कर आरोपियों की तारीफ की
NIA की जांच में सामने आया कि रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की घटना के बाद सुरिंदर सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने कथित तौर पर ब्लास्ट की घटना का समर्थन किया और इसे अंजाम देने वालों की प्रशंसा की थी।
एजेंसी के अनुसार, आरोपी ने इस साजिश में शामिल लोगों का समर्थन किया था। इनमें जगारूप सिंह भी शामिल था, जिसकी विस्फोट को अंजाम देते समय मौत हो गई थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि सुरिंदर सिंह ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स को ‘कौमी संगठन’ बताया था। इसके अलावा उसने संगठन के प्रमुख और नामित आतंकी रंजीत सिंह उर्फ नीटा को ‘कौम का जनरल’ कहकर संबोधित किया था।
आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज
जांच के दौरान NIA ने सुरिंदर सिंह के देश छोड़कर फरार होने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। एजेंसी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पंजाब के अलग-अलग जिलों में कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
विदेशों में बैठे आतंकियों के नेटवर्क की जांच तेज
NIA इस मामले में विस्फोट के पीछे की व्यापक साजिश और उससे जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसी का मुख्य उद्देश्य विदेशों में बैठे आतंकियों और पंजाब में उनके कथित सहयोगियों के बीच संपर्कों का पता लगाना है। इसके साथ ही आतंकी गतिविधियों के लिए होने वाली फंडिंग और उनसे जुड़े ढांचे को ध्वस्त करने की दिशा में भी जांच की जा रही है।
आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसी इस मामले में शामिल अन्य लोगों, उनकी भूमिका और कथित आतंकी नेटवर्क के वित्तीय स्रोतों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
