300 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा अत्याधुनिक दुग्ध संयंत्र : चार जिलों के हजारों किसानों की बढ़ेगी आय

by
जनवरी 2027 में होगा लोकार्पण, प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर दूध के प्रसंस्करण की होगी क्षमता; ‘हिम’ ब्रांड के तहत बाजार में उतरेंगे पनीर, मोजरेला चीज, घी और मक्खन

एएम नाथ। कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और दुग्ध क्षेत्र को नई मजबूती देने की दिशा में कांगड़ा जिले के ढगवार में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का निर्माण किया जा रहा है। इस संयंत्र से कांगड़ा, ऊना, चंबा और हमीरपुर जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को निर्माणाधीन संयंत्र का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि संयंत्र का लोकार्पण जनवरी 2027 में किया जाएगा। प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर दूध के प्रसंस्करण की क्षमता वाला यह संयंत्र दुग्ध उत्पादकों के लिए नए अवसर पैदा करेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और इसका अधिक से अधिक लाभ सीधे उनके हाथों तक पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों को संयंत्र में उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि यहां मोजरेला चीज, पनीर, दही, घी और मक्खन सहित कई उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इन उत्पादों को ‘हिम’ ब्रांड के तहत बाजार में उतारा जाएगा। परियोजना का परीक्षण कार्य जारी है और जल्द ही उत्पादन शुरू करने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक किसानों को इन समितियों से जोड़ने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संयंत्र के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त मात्रा में दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि संयंत्र के डिजिटलीकरण के लिए प्रदेश सरकार 1.25 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाएगी। इसके अलावा इसके प्रभावी संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी भी प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ढगवार का यह दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र चार जिलों के दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और हिमाचल प्रदेश के दुग्ध क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, सांसद अनुराग शर्मा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक सुरेश कुमार, मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी, मिल्कफेड के प्रबंध निदेशक अभिषेक वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

डीसी-एसपी ने शहरी निकायों में किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण|

ऊना – उपायुक्त राघव शर्मा व पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने जिला ऊना में शहरी निकायों के लिए बनाए गए मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने संतोषगढ़ के वार्ड नंबर 1, टाहलीवाल...
article-image
पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के पांच जिलों में अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट, शिमला में दोपहर बाद भारी बारिश की चेतावनी

पुनीत महाजन l चंडीगढ़ /शिमला, 4 जून :  हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों में तेज अंधड़, ओलावृष्टि और भारी बारिश को...
article-image
हिमाचल प्रदेश

संपत्ति विवाद पर कांग्रेस की सफाई में ही छिपा है पूरा सच, जनता को गुमराह करने का प्रयास बंद करे सरकार : संदीपनी भारद्वाज

“चोर की दाढ़ी में तिनका” — सवाल उठते ही कांग्रेस क्यों बौखला रही है? शिमला : भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने राज्यसभा सदस्य अनुराग शर्मा की संपत्ति को लेकर सामने आए सवालों पर...
Translate »
error: Content is protected !!