पटियाला। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने पीसीएस भर्ती विवाद और पीपीएससी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। चन्नी आज बलिहार सिंह शमशपुर के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
गौरतलब है कि पटियाला जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अर्शदीप सिंह को पीपीएससी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने के मामले में अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया था। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं में नाराजगी है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि सरकार पुलिस के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
पीसीएस भर्ती में घोटाले का आरोप
चरणजीत सिंह चन्नी ने आरोप लगाया कि पीसीएस भर्ती प्रक्रिया में अधिकारियों और राजनेताओं के बच्चों का चयन हुआ है, जो गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने इसे बड़ा घोटाला बताते हुए कहा कि यूथ कांग्रेस के नेता इसी मामले को उजागर करने के लिए प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।
पार्टी अध्यक्ष को भी मिलने नहीं दिया
चन्नी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष को भी जेल में बंद नेताओं से मुलाकात करने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने और सरकार से सवाल पूछने का अधिकार है। सरकार की ओर से की जा रही ऐसी कार्रवाई को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि जनता सरकार की कथित धक्केशाही का जवाब देगी और आने वाले समय में उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
सरकार पर तंज कसते हुए चन्नी ने कहा, “देश से अंग्रेज तो चले गए, लेकिन काले अंग्रेज आज भी हमारे ऊपर बैठे हुए हैं।”
