बाबा रामदेव ने बाबा बागेश्वर पर साधा निशाना : बताया ‘धूर्त और पाखंडी’, कथावाचकों को भी सुनाई खरी-खरी

by
राम और कृष्ण की तुलना पर बढ़ा विवाद, रामदेव बोले- सनातन के नाम पर ढोंग और आडंबर बर्दाश्त नहीं; देवी-देवताओं की मर्यादा का रखें ध्यान

नई दिल्ली। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर शुरू हुआ विवाद अब और तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में योगगुरु बाबा रामदेव ने भी खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाबा बागेश्वर और कुछ कथावाचकों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें धूर्त और पाखंडी तक कह दिया। रामदेव ने आरोप लगाया कि कुछ लोग धर्म और सनातन के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं तथा धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल भीड़ जुटाने के लिए कर रहे हैं।

‘न वेद पढ़े, न रामायण-महाभारत का ज्ञान’

बाबा रामदेव ने कथावाचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग न वेद पढ़े हैं, न दर्शन और उपनिषदों का अध्ययन किया है। उन्हें रामायण, महाभारत, संविधान और लोकतंत्र की भी समझ नहीं है, लेकिन वे मंचों पर खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सनातन और हिंदू धर्म की रक्षा का दावा करने वाले पहले अपने ज्ञान और आचरण पर ध्यान दें।

भूत-प्रेत के नाम पर लोगों को ठगने का लगाया आरोप

रामदेव ने कथाओं और धार्मिक आयोजनों में भूत-प्रेत बाधा के नाम पर किए जाने वाले कथित चमत्कारों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नाटक और दिखावे के जरिए लोगों को प्रभावित करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि थोड़े बाल फैलाकर और पानी छिड़ककर भूत-प्रेत बाधा दूर करने का दावा किया जाता है। धर्म के नाम पर इस तरह का ढोंग और पाखंड नहीं होना चाहिए।

राम-कृष्ण की तुलना पर जताई नाराजगी

भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर रामदेव ने कहा कि देवी-देवताओं के बीच तुलना करना और उनके स्वरूप का मजाक उड़ाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भगवान राम को महान और श्रीकृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा बताने जैसी टिप्पणियां धार्मिक मर्यादा के खिलाफ हैं। उनके अनुसार, पहले माफी मांगना, फिर बांके बिहारी के दर्शन करना और उसके बाद दोबारा उसी तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। हर बात की एक मर्यादा और प्रोटोकॉल होता है तथा मजाक में भी आराध्य देवताओं का अपमान नहीं किया जाना चाहिए।

रामदेव ने कहा कि जब समझाने से बात नहीं बनती तो मंच से अपनी बात रखनी पड़ती है। सनातन के नाम पर ढोंग, आडंबर और पाखंड करने वालों को लेकर समाज को जागरूक होना चाहिए।

क्या है राम-कृष्ण की तुलना से जुड़ा पूरा विवाद

दरअसल, एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए कहा था कि राम सीधे हैं, जबकि कृष्ण टेढ़े-मेढ़े खड़े होते हैं। उनके इस बयान पर कई राजनीतिक नेताओं ने आपत्ति जताई थी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य नेताओं की प्रतिक्रियाओं के बाद मामला राजनीतिक और धार्मिक बहस का विषय बन गया।

इसके बाद उत्तर प्रदेश के कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा आयोजित हुई, जिसके आयोजक जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया थे। राजा भैया उन्हें अपनी कार में बैठाकर प्रयागराज से कुंडा लेकर पहुंचे थे। इस दौरान उनके बयान ‘जिसकी औकात है, रोक ले’ ने भी राजनीतिक हलकों में चर्चा बटोरी।

कथा के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि यदि वह भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो मथुरा-वृंदावन आएं। अब बाबा रामदेव की तीखी टिप्पणी के बाद यह विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

8 महीने में 1512 किलो हेरोइन सहित 34 हजार से अधिक नशा तस्कर गिरफ्तार : पंजाब पुलिस ने तोड़ी नशे की सप्लाई चेन : डीजीपी

चंडीगढ़ : पंजाब सरकार द्वारा एक मार्च 2025 से शुरू किए गए युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के तहत प्रदेश पुलिस लगातार कठोर कार्रवाई करते हुए नशा सप्लाई की चेन को तोड़ रही है। यह...
article-image
पंजाब

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट पंजाब ने विभिन्न स्कूलों में काला दिवस मनाया

गढ़शंकर :    शंभू बॉर्डर पर हुए अत्याचार और खनौरी बॉर्डर पर शहीद हुए युवा किसान की शहादत और संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 23 फरवरी को काला दिवस मनाने के आह्वान के तहत डेमोक्रेटिक...
article-image
पंजाब

दलित बसती बीनेवाल के निकट किसी भी हालत में कृड़ा कर्कट डंप का नहीं बनने दिया जाएगा : मोहन लाल

गढ़शंकर : गांव बीनेवाल की दलित बसती के भारी संख्यां में लोगो ने इकत्र होकर आज गांव में पंचायत पर दलित बसती के निकट कूड़ा कर्कट का डंप बनाने का आरोप लगाते हुए विरोध...
article-image
पंजाब

Sants Honor Punjab CM Bhagwant

Demand School, Tech College, Hospital at Shri Khuralgarh Sahib Hoshiarpur/ Daljeet Ajnoha/Feb.7 : The sant samaj praised the Punjab government under Chief Minister Bhagwant Singh Mann for its elaborate arrangements to celebrate the 649th...
Translate »
error: Content is protected !!