हिमाचल के शहरी विकास मॉडल की मुंबई में गूंज, विक्रमादित्य सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां

by

वर्ल्ड मेयर्स फोरम समिट-2026 में सतत शहरी विकास, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और डिजिटल गवर्नेंस पर दिया प्रेजेंटेशन

एएम नाथ। शिमला / मुंबई। हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुंबई में आयोजित तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम समिट-2026 को संबोधित करते हुए राज्य में सतत शहरी विकास, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य की भौगोलिक और पर्यावरणीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शहरी विकास के लिए पर्यावरण अनुकूल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना बेहद जरूरी है।

पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों के कारण शहरों पर बढ़ता दबाव

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला, धर्मशाला, सोलन, मंडी और मनाली जैसे शहर पर्यटन, धार्मिक यात्राओं और व्यावसायिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र हैं। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में शहरी क्षेत्रों का नियोजित विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और पर्यावरण संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों सहित कुल 76 शहरी स्थानीय निकाय हैं। इन संस्थाओं को मजबूत बनाना और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।

वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से सहयोग

शहरी विकास मंत्री ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। इसमें घरों से कचरे का संग्रहण, स्रोत पर ही गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, परिवहन, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक निस्तारण शामिल है।

उन्होंने कहा कि सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी, हैदराबाद के सहयोग से चयनित शहरी निकायों में छोटे स्तर के गीले कचरे से बायोगैस तैयार करने वाले संयंत्र स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके अलावा निर्माण एवं अन्य गतिविधियों से निकलने वाले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना के लिए नार्वे की संस्था एसआईएनटीईएफ के साथ समझौता किया गया है।

वन स्टेट-वन पोर्टल से ऑनलाइन हो रहीं नगर निकायों की सेवाएं

डिजिटल गवर्नेंस की उपलब्धियां साझा करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘वन स्टेट-वन पोर्टल’ पहल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अर्बन प्लेटफॉर्म फॉर डिलीवरी ऑफ ऑनलाइन गवर्नेंस के माध्यम से इस व्यवस्था को लागू किया जा रहा है। चिन्हित 55 नगर निकाय सेवाओं में से 18 सेवाएं नागरिक सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से अब तक 138.70 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व मांग सृजित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 2.70 लाख से अधिक कचरा इकाइयों और 2.06 लाख संपत्तियों का पंजीकरण किया गया है। पोर्टल पर 5,600 से अधिक व्यापार लाइसेंस और नगर निकायों की 6,000 परिसंपत्तियां भी पंजीकृत की गई हैं।

शिकायतों के निपटारे में 98 प्रतिशत से अधिक सफलता

मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 56 शहरी स्थानीय निकायों में समर्पित समाधान प्रकोष्ठ स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से 8,900 से अधिक शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है और शिकायत समाधान की दर 98 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा कि 5 जून, 2026 से सभी शहरी स्थानीय निकायों में ऑनलाइन नगरपालिका सेवाओं और डिजिटल भुगतान को अनिवार्य कर दिया गया है।

उन्होंने पारदर्शिता और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए 15 नगर निगम साझा सेवा केंद्र क्लस्टर स्थापित करने, क्यूआर कोड आधारित डिजिटल डोर प्लेट लगाने और एकीकृत नगर निगम कॉल सेंटर शुरू करने की प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी भी दी।

वन स्टेट-वन पोर्टल को मिला सिल्वर अवार्ड

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की ‘वन स्टेट-वन पोर्टल’ पहल को स्मार्ट सिटीज एवं अर्बन टेक लीडरशिप श्रेणी में इकोनॉमिक टाइम्स समिट एंड अवॉर्ड्स-2026 में सिल्वर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्होंने इसे राज्य में डिजिटल प्रशासन और शहरी सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

स्वच्छ, सुरक्षित और समावेशी शहर विकसित करना लक्ष्य

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि शहरी विकास का उद्देश्य केवल बड़े शहरों का निर्माण करना नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसे स्वच्छ, समावेशी, सुरक्षित, पर्यावरण के अनुकूल और आर्थिक रूप से जीवंत शहर विकसित करना होना चाहिए, जहां नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने आपदा प्रतिरोधी और नागरिक केंद्रित शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार, अन्य राज्य सरकारों और शहरी स्थानीय निकायों के साथ मिलकर काम करने की प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों से शहरी विकास मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर गंभीरता से विचार करने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देशभर में शहरी विकास क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों को सामूहिक रूप से समझने और उनके समाधान के लिए सभी संबंधित संस्थाओं को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश का शहरी विकास विभाग नगर निगमों, शहरी स्थानीय निकायों और अन्य संबंधित संस्थाओं के कामकाज में सुधार लाने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

पागल बनकर पंजाब में घूमता रहा ।2 साल की बालिका की हत्या का आरोपी : क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पुलिस को गच्चा देकर भागा था

रोहित जसवाल।   ऊना : ।2 साल की बालिका की हत्या का आरोपी क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पुलिस को गच्चा देकर भागा और पंजाब में पागल बनकर घूमता रहा। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते...
article-image
हिमाचल प्रदेश

जनमंच कार्यक्रम में 71 समस्याओं व मांगों में से 36 समस्याओं व 12 मांगो का किया गया निपटारा

शिमला :  शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, संसदीय कार्य, विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज ऐतिहासिक रिज मैदान में प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी 25वें जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

हजारों लोगों के करोड़ों रुपये ऐंठकर भागी सोसाइटी : सोसायटी की परिसंपत्तियों को बेचकर इसके निवेशकों की देनदारियों को निपटाया जाएगा

एएम नाथ। शिमला : ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी नौ सालों तक हिमाचल प्रदेश में गैरकानूनी तरीके से काम करती रही और हजारों लोगों के करोड़ों रुपये ऐंठकर भाग गई है। सोसायटी...
article-image
हिमाचल प्रदेश

हिन्दुओ को जगाने मे संघ का अहम रोल I गांव मे नशे के प्रति जागरूकता कमेटीयां बनाऐ

कसौली, 20 जनवरी (तारा) : कसौली विधानसभा क्षेत्र कोटबेजा मे हिन्दू सम्मेलन का आयोजन हिन्दू समाज समिति की और से किया गया I हिन्दू सम्मलेन मे विभिन्न वकताओ की और से हिन्दूओ के बारे मे...
Translate »
error: Content is protected !!