एडीसी इशांत जसवाल ने की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक, जुलाई से अक्तूबर तक 1,028 निरीक्षण, 326 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से हुआ राशन वितरण
रोहित जसवाल। ऊना, 25 नवम्बर. अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने अधिकारियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और राशन वितरण की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना भी सुनिश्चित किया जाए। वे बुधवार को जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जिला में 326 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। जुलाई से अक्तूबर 2026 के दौरान 61,537 क्विंटल आटा, 38,703 क्विंटल चावल, 8,714 क्विंटल चीनी, 979 क्विंटल नमक, 1,421 क्विंटल चना दाल, 1,830 क्विंटल मल्का दाल और 1,483 क्विंटल उड़द दाल वितरित की गई। इस अवधि में 6,16,257 लीटर सरसों के तेल का भी वितरण किया गया।
बैठक में खाद्य आपूर्ति विभाग की निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने बताया कि जुलाई से अक्तूबर के दौरान विभाग ने जिला में 1,028 निरीक्षण किए। विभिन्न विभागीय आदेशों के तहत की गई कार्रवाई के माध्यम से 85,320 रुपये की राशि सरकारी कोष में जमा करवाई गई।
हिमाचल प्रदेश व्यापार लेख आदेश, 1981 के तहत 24 निरीक्षण किए गए। वहीं, पॉलीथीन के उपयोग पर 171 दुकानदारों एवं व्यापारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 31 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। द्रवित पेट्रोलियम गैस अधिनियम के तहत 28 निरीक्षण किए गए और दो मामलों में 3 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
इसी प्रकार हिमाचल प्रदेश ब्रिक्स (कंट्रोल) ऑर्डर, 1970 के तहत 10 ईंट भट्ठों का निरीक्षण किया गया। दो मामलों में 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। आवश्यक वस्तु वितरण विनियमन के तहत 457 निरीक्षण किए गए और पांच मामलों में 22 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। साथ ही, अस्वीकृत बिलों के संबंध में करवाई करते हुए 15 हज़ार रुपये की राशि सरकारी कोष में जमा करवाई।
एडीसी ने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी जारी रखने पर जोर दिया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार, जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राजीव शर्मा, जिला ऑडिट अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
