उपायुक्त किरण भड़ाना ने विवाह समारोह में पहुंचकर नवदंपती को दी शुभकामनाएं, कहा- वृद्धावस्था में भी हर व्यक्ति को खुशियों और सम्मान के साथ जीने का अधिकार
एएम नाथ। बिलासपुर, 25 नवंबर। उम्र के आखिरी पड़ाव पर भी जिंदगी नई खुशियों और उम्मीदों के साथ आगे बढ़ सकती है। इसी सकारात्मक संदेश के साथ बिलासपुर जिले के दयोली स्थित ‘अपना घर’ वृद्ध आश्रम में 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया विवाह बंधन में बंध गए। इस अनूठे विवाह समारोह में उपायुक्त किरण भड़ाना ने विशेष रूप से शिरकत कर नवदंपती को शुभकामनाएं दीं।
वृद्धावस्था में नई शुरुआत की प्रेरणादायक पहल
उपायुक्त किरण भड़ाना ने वृद्ध आश्रम के ट्रस्टियों, कल्याण विभाग और जिला बिलासपुर के लोगों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि वृद्धजन केवल ऐसे व्यक्ति नहीं हैं, जिन्हें परिवार ने छोड़ दिया हो या जिनका जीवन दवाइयों और रोजमर्रा की जरूरतों तक सीमित रह गया हो। उनमें भी भावनाएं, इच्छाएं और जीवन को खुशियों के साथ जीने की आकांक्षा होती है।
उन्होंने कहा कि ‘अपना घर’ वृद्ध आश्रम ने सबीना और कन्हैया के विवाह का आयोजन कर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह पहल बताती है कि जीवन में खुशियों की कोई उम्र नहीं होती और हर व्यक्ति को नई शुरुआत का अवसर मिलना चाहिए।
हर व्यक्ति को सम्मान और खुशियों के साथ जीने का अधिकार
उपायुक्त ने कहा कि जीवन हमेशा दूसरा अवसर देता है और हमें उसे खुले मन से अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। वृद्धावस्था का अर्थ यह नहीं है कि व्यक्ति की जरूरतें, इच्छाएं और जीवन के प्रति उत्साह समाप्त हो गया है। प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, अपनापन और खुशियों के साथ जीवन जीने का पूरा अधिकार है।
उन्होंने कहा कि इस विवाह समारोह से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और लोगों की सोच में बदलाव आएगा। ‘अपना घर’ वृद्ध आश्रम की यह पहल वृद्धजनों के जीवन में खुशियां और नई उम्मीद जगाने वाली प्रेरणादायक कोशिश है।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश चंद बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
