क्षमता पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करें विद्यार्थी, निरंतर मेहनत से मिलेगी सफलता: राजेश धर्माणी

by
डंगार स्कूल के अधूरे भवन के निर्माण कार्यों के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा
ग्राम पंचायत डंगार में 5.17 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे विभिन्न विकास कार्य
डंगार स्कूल में कॉम्प्लेक्स स्तरीय वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री
एएम नाथ। घुमारवीं (बिलासपुर), 25 नवम्बर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर असीम संभावनाएं होती हैं। ऐसे में सफलता अर्जित करने के लिए विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचान कर लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरों की देखा-देखी या सामाजिक दबाव में लक्ष्य तय करने के बजाय अपनी विशेषताओं के अनुरूप भविष्य की दिशा चुननी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित मेहनत, धैर्य और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। राजेश धर्माणी आज घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार में आयोजित कॉम्प्लेक्स स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।May be an image of one or more people and text
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि उनकी जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पूरा करवाने और किताबें पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी उनका महत्वपूर्ण दायित्व है। शिक्षकों को प्रत्येक बच्चे की रुचि, क्षमता, विशेषताओं और कमजोरियों को समझकर उसके अनुरूप व्यक्तिगत मार्गदर्शन देना चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता और जरूरतें अलग-अलग होती हैं, ऐसे में व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुसार शिक्षण रणनीति तैयार की जानी चाहिए। बच्चों को विषयों के महत्व और उनके व्यावहारिक लाभ समझाकर पढ़ाई के प्रति प्रेरित करना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। विद्यालय के अधूरे भवन निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए शीघ्र 30 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
ग्राम पंचायत डंगार में 5.17 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से मजबूत हो रहीं मूलभूत सुविधाएं
राजेश धर्माणी ने कहा कि ग्राम पंचायत डंगार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 19 विकास कार्यों के लिए 5.17 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं, जिनमें सड़क सुविधा के विस्तार के तहत लेडी ब्रिज से डंगार दयारा सड़क पर 5 लाख रुपये, डंगार से निचला दख्यूत लिंक रोड पर 4 लाख रुपये तथा लोअर दख्यूत से चोखना सड़क पर 10 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डंगार से दख्यूत सड़क के विभिन्न हिस्सों के सुधार पर 23.14 लाख रुपये, डंगार से चोखना सड़क पर 44.16 लाख रुपये तथा निचला दख्यूत से पट्टा दोहरू मरयाणी संपर्क मार्ग पर आरसीसी स्लैब कलवर्ट एवं विंग वॉल निर्माण पर 25.53 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। डंगार से निचला दख्यूत स्थित खयाली राम के घर तक संपर्क मार्ग पर 3.72 लाख रुपये तथा डंगार-चोखना सड़क से निचला दख्यूत संपर्क मार्ग पर एमएमजीएसवाई के तहत 10.21 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। वहीं, बरठीं-छत-करलोटी-डंगार-तरौन-लदौर सड़क के रोपड़ी से मैहरे हिस्से में 600 मीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण पर 1 करोड़ 44 लाख 53 हजार रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चोखना में आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर 105.59 लाख रुपये, राजकीय संस्कृत महाविद्यालय डंगार में भवन सुधार कार्यों पर 22 लाख रुपये तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला दख्यूत में फुटबॉल स्टेडियम एवं खेल मैदान के निर्माण पर 7.50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसी तरह स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए चोखना में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन निर्माण पर 29.08 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं। जबकि सामुदायिक सुविधाओं के तहत हरितल्यांगर में सामुदायिक केंद्र के लिए 10 लाख रुपये तथा डंगार में सामुदायिक केंद्र के लिए 75 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एलटी लाइन विस्तार, क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों को बदलने तथा सिंगल फेज लाइन को थ्री फेज में बदलने के कार्य भी किए जा रहे हैं।May be an image of dais, temple and text
उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग के माध्यम से पंचायत में 35.45 लाख रुपये की लागत से 12 पेयजल विकास कार्य पूरे किए गए हैं, जिसके तहत चोखना, पुखरू, दख्यूत, पट्टा, डंगार, हरितल्यांगर, भोला और महलेड़ी गांवों में कुल 7,862 मीटर पेयजल पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके अतिरिक्त पट्टा मलोटर में 20 हजार लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण तथा हरितल्यांगर में नया सबमर्सिबल पंप स्थापित किया गया है। इन विकास कार्यों से पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला डंगार, राजकीय उच्च पाठशाला हरितल्यांगर, राजकीय उच्च पाठशाला चोखना, राजकीय माध्यमिक पाठशाला पट्टा, राजकीय माध्यमिक पाठशाला जोल तथा बाड़ी छजोली के विद्यार्थी शामिल हुए।
उन्होंने इस दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया तथा अच्छे भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य परमजीत ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल, प्रिंसिपल परमजीत सहित स्थानीय पंचायत प्रधान, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं महिलाएं : SDM अपराजिता चंदेल

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर एनजीओ भवन में आयोजित किया गया जिला स्तरीय कार्यक्रम हमीरपुर 07 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने वीरवार को यहां एनजीओ...
article-image
हिमाचल प्रदेश

किसानों, आढतियों व व्यापारियों को ई-नाम स्कीम बारे में अवगत कराया

ऊना व संतोषगढ़ में किसान जागरूकता शिविर आयोजित ऊना : “किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी” के तहत आज ऊना व संतोषगढ़ मंडी में किसानों को राष्ट्रीय कृषि बाजार से अवगत करवाने के लिए किसान जागरूकता...
article-image
हिमाचल प्रदेश

फर्म ले उड़ी 3.5 करोड़ रुपये, दफ्तर पर ताला : 52 लोगों की कड़ी मिहनत की कमाई

एएम नाथ। शिमला :  हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक सोसायटी पर धोखाधड़ी का के आरोप लगे हैं. छोटा शिमला थाने में महिला रीता वालिया सहित 52 से अधिक लोगों ने शिकायत दर्ज...
article-image
हिमाचल प्रदेश

2 दुकानदारों को 1 लाख जुर्माना : घटिया खाद्य पदार्थ और मिस ब्रांडेड बेचने पर न्याय निर्णायक अधिकारी (एडजुकेटिंग ऑफिसर) एडीएम कांगड़ा की अदालत ने लगाया

धर्मशाला, 17 अगस्त। जिला कांगड़ा के चंबी और नगरोटा बगवां क्षेत्र के दो दुकानदारों को मिस ब्रांडेउ और घटिया समान बेचने पर न्याय निर्णायक अधिकारी (एडजुकेटिंग ऑफिसर) एडीएम कांगड़ा की अदालत ने खाद्य सुरक्षा...
Translate »
error: Content is protected !!