पंजाब चुनाव के लिए भाजपा ने बिछाई नई सियासी बिसात : AAP से आए राज्यसभा सांसदों को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

by

13 लोकसभा क्षेत्रों में पसंद की सीटें चुनने का विकल्प, विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा और सहयोगियों की जीत सुनिश्चित करने का मिला लक्ष्य; चुनाव प्रबंधन से लेकर प्रचार और उम्मीदवारों की तलाश तक संभालेंगे मोर्चा

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसदों को अब पंजाब में चुनावी मोर्चे पर उतारने की तैयारी है। पार्टी ने इन सांसदों को पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से अपनी पसंद के क्षेत्र चुनने का विकल्प दिया है। इन लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर भाजपा और उसके सहयोगियों की जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाएगी।

भाजपा की रणनीति दोहरी दिखाई दे रही है। एक ओर पार्टी आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायकों और अन्य प्रभावशाली नेताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी ओर AAP से आए सांसदों के राजनीतिक अनुभव, पुराने संपर्कों और स्थानीय प्रभाव का इस्तेमाल कर चुनावी आधार मजबूत करना चाहती है।

संदीप पाठक को पहले ही मिल चुकी है राष्ट्रीय जिम्मेदारी

गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हुए थे। इनमें राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, अशोक कुमार मित्तल, विक्रमजीत सिंह साहनी और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं। स्वाति मालीवाल दिल्ली से राज्यसभा सांसद हैं, जबकि अन्य छह सांसद पंजाब से आते हैं।

इनमें संदीप पाठक को भाजपा पहले ही राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दे चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के रूप में उम्मीदवारों के चयन में उनकी अहम भूमिका रही थी। मौजूदा AAP विधायकों के साथ उनके पुराने संपर्कों को देखते हुए भाजपा उनका इस्तेमाल नए नेताओं को पार्टी से जोड़ने और संभावित उम्मीदवारों की पहचान करने में कर रही है।

राघव चड्ढा और हरभजन सिंह प्रचार में उतरेंगे

सूत्रों के मुताबिक, संदीप पाठक संभावित उम्मीदवारों की पहचान के लिए सर्वे भी करवा रहे हैं। वहीं राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को चुनाव प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका देने की तैयारी है। अशोक कुमार मित्तल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत साहनी को चुनाव प्रबंधन से जुड़े काम सौंपे जाने की योजना है।

भाजपा ने इन सांसदों को चुनाव से जुड़ी विभिन्न समितियों में भी शामिल किया है। राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता को घोषणापत्र समिति में जगह दी गई है। संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल और विक्रमजीत साहनी को चार्जशीट समिति की जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी पार्टियों के नेताओं को भाजपा में शामिल कराने के लिए गठित ज्वाइनिंग समिति में भी संदीप पाठक को शामिल किया गया है।

लोकसभा क्षेत्रों के हिसाब से तय होगा चुनावी मोर्चा

सूत्रों के अनुसार, अशोक मित्तल को जालंधर, लुधियाना और होशियारपुर लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली 14 हिंदू बहुल विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है। राजिंदर गुप्ता को लुधियाना लोकसभा क्षेत्र की शेष विधानसभा सीटों पर काम करने को कहा गया है। वहीं, नामित राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र की नौ विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने का जिम्मा लिया है।

इन सांसदों को अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रबंधन, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, प्रचार के प्रमुख मुद्दों की पहचान, सोशल मीडिया अभियान और प्रचार सामग्री सहित अन्य चुनावी संसाधनों की व्यवस्था करनी होगी।

स्वाति मालीवाल को महिलाओं के बीच भाजपा का आधार बढ़ाने का जिम्मा

राघव चड्ढा को चुनाव प्रबंधन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्य सौंपे गए हैं, जबकि संदीप पाठक उम्मीदवारों की तलाश और आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायकों से संपर्क साधने में जुटे हैं। स्वाति मालीवाल को पंजाब की महिलाओं के बीच भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की जिम्मेदारी दिए जाने की बात कही जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने इन सांसदों को स्पष्ट संदेश दिया है कि उनके जिम्मे आने वाली विधानसभा सीटों पर पार्टी का प्रदर्शन ही भविष्य में संगठन के भीतर उनकी भूमिका और जिम्मेदारी तय करने का आधार बनेगा।

2027 के चुनाव से पहले भाजपा की नई रणनीति

भाजपा की यह कवायद संकेत देती है कि पार्टी पंजाब में केवल दूसरे दलों के नेताओं को अपने साथ जोड़ने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि AAP से आए सांसदों के राजनीतिक अनुभव और पुराने संपर्कों को भी चुनावी ताकत में बदलने की तैयारी कर रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इन नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय करने की रणनीति को पंजाब में संगठनात्मक विस्तार और चुनावी प्रबंधन मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में पार्टी की अन्य चुनावी समितियों और जिम्मेदारियों को लेकर भी फैसले हो सकते हैं।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

पंजाब की झांकियां क्यों हुईं रिजेक्ट-गणतंत्र दिवस परेड के लिए : भाजपा के पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ ने बताई वजह

चंडीगढ़ :  गणतंत्र दिवस परेड 2024 में पंजाब की झांकी को शामिल नहीं किए जाने पर सीएम भगवंत मान नाराज हो गए हैं। सीएम की प्रतिक्रिया पर पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ का भी...
article-image
पंजाब

डेढ़ लाख नकदी व सोना चांदी के गहने चोरी, ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर में एक की मौत, मामला दर्ज : मकान खरीदने के नाम पर ठगे 7 लाख:

ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर में एक की मौत, मामला दर्ज नाभा। थाना नाभा पुलिस ने ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के...
article-image
पंजाब

अंबेडकर भवन गढ़शंकर में  साप्ताहिक नि:शुल्क मैडीकल जांच कैंप आयोजित  

गढ़शंकर :  स्थानीय नंगल मार्ग पर खानपुर स्थित डा. बी.आर. अंबेडकर भवन गढ़शंकर में गौतम बुद्ध चैरीटेबल डिस्पैंसरी में साप्ताहिक नि:शुल्क मैडीकल जांच कैंप आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे से बाद दोपहर 2...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

हनीट्रैप : पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन शातिर किए गिरफ्तार..50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की रची थी साजिश

पंचकूला : पुलिस ने एक संगठित ब्लैकमेलिंग और एक्सटाॅर्शन के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना चंडीमंदिर में दर्ज एक मामले के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई...
Translate »
error: Content is protected !!