बोले- आम लोगों को चुनाव मैदान में उतारने की जरूरत, टिकट और मंत्री बनाने का अधिकार सिर्फ राहुल गांधी के पास; अकाली-भाजपा गठबंधन को भी घेरा
फरीदकोट। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस में उम्मीदवारों के चयन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आगामी विधानसभा चुनावों में करीब 70 सीटों पर नए चेहरों को मौका देने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि यह विचार उन्होंने एक दिन पहले चुनावी तैयारियों को लेकर हुई कांग्रेस की बैठक में भी रखा था। इस दौरान उन्होंने पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी और मतभेदों की चर्चाओं को खारिज किया, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधने से भी नहीं चूके।
राजा वड़िंग बुधवार को फरीदकोट जिले के कस्बा सादिक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवराज सिंह ढिल्लों के आवास पर पहुंचे थे। कार्यक्रम में उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जबकि चन्नी गुट के नेताओं और समर्थकों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
धनाढ्य परिवारों के बजाय आम लोगों को मिले टिकट
राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब के लोग अब बड़े और धनाढ्य परिवारों के बजाय ऐसे आम चेहरों को पसंद करते हैं, जो उनकी समस्याओं को समझें और उनके बीच रहकर काम करें। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत का उदाहरण देते हुए कहा कि आम पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों को मैदान में उतारना चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है।
इस दौरान उन्होंने अपने गुट के स्थानीय नेता और जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवदीप सिंह बब्बू बराड़ का उदाहरण देते हुए अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें भी टिकट देने की पैरवी की।
चन्नी के दावे पर कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा हाल ही में साइकिल यात्रा के दौरान कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों को प्रत्याशी के रूप में पेश करने और उन्हें मंत्री बनाने संबंधी दावे पर भी राजा वड़िंग ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि किसी को टिकट देने या मंत्री बनाने का अधिकार केवल राहुल गांधी के पास है। किसी अन्य नेता के पास इस तरह के फैसले करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि नेताओं को ऐसे दावे करने से बचना चाहिए।
नशे के मुद्दे पर बोले- पहले युवाओं को विकल्प देना होगा
पंजाब में नशे की समस्या पर बोलते हुए राजा वड़िंग ने अफीम और पोस्त को लेकर नियंत्रित छूट देने की मांग का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब से नशे को किसी जादू की छड़ी से खत्म नहीं किया जा सकता। सबसे पहले नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को विकल्प देना होगा और इसके बाद धीरे-धीरे उन्हें नशे से बाहर निकालने की प्रक्रिया अपनानी होगी।
उन्होंने दावा किया कि पहले इन नशों से मौतें नहीं होती थीं, जबकि अब चिट्टे के कारण आए दिन युवा अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने पंजाब की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य इस समय गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। यदि इस बार पंजाब को बेहतर मुख्यमंत्री नहीं मिला तो राज्य के लिए इस संकट से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
अकाली-भाजपा गठबंधन को बताया राजनीतिक स्वार्थ का समझौता
अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन पर निशाना साधते हुए राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि यह गठबंधन पंजाब के हितों के बजाय राजनीतिक स्वार्थों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसका मकसद हरसिमरत कौर बादल को केंद्रीय मंत्री बनवाना है। उन्होंने कहा कि अकाली दल पहले भी भाजपा से अलग नहीं होना चाहता था, लेकिन किसान संगठनों के विरोध के कारण उसे गठबंधन तोड़ना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन की राजनीति में बंदी सिखों की रिहाई, पंजाब के पानी, चंडीगढ़ को पंजाब में शामिल करने और बीबीएमबी जैसे अहम मुद्दों को पीछे छोड़ दिया गया है। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के नाम से जुड़े मुद्दे का भी उन्होंने उल्लेख किया। राजा वड़िंग ने कहा कि चिट्टे की समस्या अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी, ऐसे में अब वे इसे खत्म करने के दावे कैसे कर सकते हैं।
राजा वड़िंग के इस दौरे और बयानों को पंजाब कांग्रेस में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए टिकटों की दावेदारी, नए चेहरों को मौका देने और पार्टी के भीतर नेतृत्व की भूमिका को लेकर चल रही सियासी खींचतान के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
