सिबिल स्कोर खराब होने से बैंक भी पंजाब को कर्ज देने से कतरा रहे, खन्ना बोले- अकाली-भाजपा गठबंधन बनाएगा अगली सरकार

by

बोले- परिस्थितियों और पंजाब के हित में लिया गठबंधन का फैसला, सरकार बनने पर बनेगा कॉमन मिनिमम प्रोग्राम; भाजपा को मिले 850 सुझाव

पठानकोट। पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी की मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना बुधवार को पठानकोट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के अकाली नेताओं से मुलाकात की और प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के चुनावी संकल्प पत्र की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब के हितों को ध्यान में रखते हुए गठबंधन में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। किसी तीसरे राजनीतिक दल के साथ गठबंधन की संभावना से भी उन्होंने इनकार किया।

खन्ना ने कहा कि भाजपा आम जनता के सुझावों के आधार पर अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब की आर्थिक स्थिति, अवैध खनन और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पंजाब में डबल इंजन सरकार की जरूरत भी बताई।

जनता से मिले 850 सुझावों के आधार पर बनेगा भाजपा का घोषणापत्र

अविनाश राय खन्ना ने कहा कि भाजपा ऐसा विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर रही है, जो आम जनता की अपेक्षाओं और सुझावों पर आधारित होगा। इसके लिए पार्टी की टीम जालंधर, लुधियाना और अमृतसर के बाद अब पठानकोट और होशियारपुर में किसानों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधा संवाद कर रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक पार्टी को करीब 850 सुझाव मिल चुके हैं। इन सुझावों को स्क्रीनिंग कमेटी के माध्यम से ड्राफ्टिंग कमेटी तक पहुंचाया जाएगा।

चार माध्यमों से जनता दे सकेगी सुझाव

खन्ना ने बताया कि लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिए भाजपा ने चार माध्यम शुरू किए हैं। इनमें व्हाट्सएप और टोल-फ्री नंबर के जरिए सुझाव दर्ज करवाने की सुविधा शामिल है। इसके अलावा तकनीक से जुड़े युवाओं और शिक्षित वर्ग के लिए विशेष ऑनलाइन लिंक जारी किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सुझाव वैन भेजने की भी योजना है। इस वैन में केंद्र सरकार की योजनाओं से संबंधित वीडियो दिखाए जाएंगे। साथ ही सुझाव पेटी, कॉपी और पेन उपलब्ध होंगे, ताकि लोग मौके पर ही अपनी राय दर्ज करवा सकें।

गठबंधन के बाद दोनों दल बनाएंगे कॉमन मिनिमम प्रोग्राम

अकाली-भाजपा गठबंधन को लेकर खन्ना ने कहा कि पहले भाजपा सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर रही थी, लेकिन परिस्थितियों और पंजाब के व्यापक हितों को देखते हुए गठबंधन का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि अकाली दल और भाजपा का रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक जुड़ाव पर आधारित है।

कांग्रेस नेता परगट सिंह की ओर से गठबंधन को सत्ता का लालच बताए जाने पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि राजनीति का एक उद्देश्य जनसेवा के लिए सत्ता में आना भी है। इसमें कुछ गलत नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों दल अपने-अपने चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेंगे। सरकार बनने की स्थिति में दोनों पार्टियां मिलकर कॉमन मिनिमम प्रोग्राम बनाएंगी और उसी के आधार पर सरकार चलाने की रूपरेखा तय होगी। खन्ना ने कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन अपने दम पर सरकार बनाने में सक्षम है।

पंजाब का सिबिल स्कोर खराब होने का लगाया आरोप

पंजाब की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए खन्ना ने आम आदमी पार्टी सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य पर करीब पांच लाख करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह किसी व्यक्ति का सिबिल स्कोर खराब होने पर बैंक उसे कर्ज देने से बचते हैं, उसी तरह पंजाब सरकार की स्थिति भी बनती जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते केंद्र की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को पंजाब में लागू नहीं होने दिया। खन्ना ने कहा कि पंजाब को भी हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की तरह डबल इंजन सरकार की जरूरत है।

पठानकोट की बाढ़ को अवैध खनन से जोड़ा

पठानकोट क्षेत्र में बाढ़ और अवैध खनन के मुद्दे पर खन्ना ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आई बाढ़ केवल प्राकृतिक आपदा नहीं थी, बल्कि बेतहाशा अवैध खनन के कारण पैदा हुई मानव निर्मित त्रासदी थी। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने खनन से हजारों करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने के दावे किए थे, लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में खनन का पैसा माफिया की जेबों में जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पारदर्शी और सख्त खनन नीति बनाई जाएगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके और सरकारी राजस्व की सुरक्षा हो।

बागेश्वर धाम के मंच से आम आदमी पार्टी के नेताओं की तारीफ और धीरेंद्र शास्त्री के बयानों से जुड़े सवाल पर खन्ना ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि इसका जवाब स्वयं बाबा जी ही दे सकते हैं।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

पंजाब

मकान खरीदने को दिए 3 लाख रुपए : पैसे लेने के बाद रजिस्ट्री करवाने से मुकरा : मामला दर्ज

नवांशहर। थाना सिटी पुलिस ने मकान बेचने के नाम पर 3 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार मोहल्ला शिव निकेतन निवासी...
article-image
पंजाब

एसडीएम गढ़शंकर को सोशल वैलफेयर सुसायिटी ने समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया

गढ़शंकर: सोशल वैल्फेयर सुसायिटी गढ़शंकर दुारा कोविड महामारी में शानदार प्रबंध करने व बढ़ीयां प्रशासनिक सेवाएं देने के लिए एसडीएम गढ़शंकर हरबंस सिंह को समृति चिन्ह देकर सुसायिटी के अध्यक्ष हरवेल सिंह सैनी के...
article-image
पंजाब

बंबीहा-कौशल गिरोह के पांच गुर्गे गिरफ्तार, अवैध हथियार

चंडीगढ़, 20 अक्तूबर :  संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बंबीहा-कौशल गिरोह के पांच प्रमुख गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मध्य प्रदेश से तस्करी...
article-image
पंजाब

खालसा कॉलेज में ‘द साउंड गेम’ कार्यशाला, विद्यार्थियों ने सीखे अंग्रेजी उच्चारण के गुर

गढ़शंकर, 29 सितंबर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधन अधीन चल रहे बब्बर अकाली मेमोरियल खालसा कॉलेज गढ़शंकर में प्रिंसिपल डॉ. अमनदीप हीरा के नेतृत्व में अंग्रेजी विभाग की ओर से ‘द साउंड गेम...
Translate »
error: Content is protected !!