आम आदमी पार्टी सरकार की नीतियां लुधियाना के एमएसएमई उद्योगों को बर्बादी के कगार पर धकेल रही : दीवान

by

आप सरकार के शासन में पंजाब की औद्योगिक प्रतिस्पर्धा को लगा झटका, उद्योगपति राज्य से बाहर अवसर तलाशने को मजबूर

लुधियाना, 22 नवंबर: कभी पंजाब की औद्योगिक राजधानी और ‘भारत का मैनचेस्टर’ कहलाने वाला लुधियाना आज गहरे औद्योगिक संकट के दौर से गुजर रहा है। जहां जर्जर बुनियादी ढांचा, बिजली की लगातार कमी, उत्पादन लागत में भारी वृद्धि, नियमों से जुड़ी बाधाएं और औद्योगिक प्रतिस्पर्धा में लगातार गिरावट ने उद्योगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरेज, कचरे के उचित प्रबंधन का अभाव, गर्मियों के पीक सीजन में लंबे बिजली कट, महंगी बिजली दरें और कच्चे माल की बढ़ती कीमतों जैसी समस्याओं के चलते शहर का उद्योग कई चुनौतियों का सामना कर रहा है।

यहां जारी एक कड़े बयान में, जिला कांग्रेस कमेटी लुधियाना (शहरी) के पूर्व अध्यक्ष एवं पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन पवन दीवान ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार की गलत नीतियों के कारण कभी पंजाब के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की शान रहे लुधियाना के एमएसएमई उद्योग आज कई मोर्चों पर संघर्ष करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई उद्योग पहले ही मुश्किलों से जूझ रहा है, ऊपर से करीब 12 रुपये प्रति यूनिट की बेहद महंगी बिजली दरों और बढ़ती नियामक बाधाओं ने संकट को और गहरा कर दिया है।

दीवान ने कहा कि जहां औद्योगिक इकाइयां अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही हैं, वहीं बड़ी संख्या में उद्योगपति पंजाब से बाहर अपने कारोबार स्थानांतरित करने पर विचार कर रहे हैं। इसके चलते शहर के औद्योगिक आधार के धीरे-धीरे कमजोर होने का खतरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण एमएसएमई क्षेत्र को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों की हालत जर्जर है, सीवरेज का पानी सड़कों पर बह रहा है और बुनियादी ढांचे की भारी कमी है।

उन्होंने कि उद्योगपतियों के सब्र का बांध टूटने की चेतावनी देते हुए, कहा कि कई फैक्ट्री मालिकों ने उन्हें बताया है कि यदि बुनियादी नागरिक सुविधाओं और ढांचे को तुरंत बेहतर नहीं बनाया गया, तो वे अपना निवेश और मैन्युफैक्चरिंग यूनिटें उद्योग के अनुकूल अन्य राज्यों में स्थानांतरित करने के लिए मजबूर हो सकते हैं। इसी तरह, आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मिक्स्ड लैंड यूज से जुड़े मामले लंबे समय से हल नहीं हो रहे हैं। इसके अलावा, जटिल नियमों और सरकारी कार्यालयों की लालफीताशाही के कारण छोटे और लघु उद्योगों का विकास बाधित हो रहा है, जिससे उद्योगपतियों में व्यापक निराशा पाई जा रही है।

दीवान ने कहा कि एमएसएमई उद्योग हर तरफ से दबाव में है। जहां लागत लगातार बढ़ रही है, वहीं आम आदमी पार्टी सरकार की गलत नीतियों ने एमएसएमई उद्योगों के लिए अपना अस्तित्व बनाए रखना भी मुश्किल कर दिया है, जबकि ये उद्योग पंजाब की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान आम आदमी पार्टी सरकार ने लुधियाना के एमएसएमई क्षेत्र को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है।

उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग अर्थव्यवस्था की रीढ़ और रोजगार का एक बड़ा स्रोत होने के बावजूद एमएसएमई क्षेत्र आज बाजार के उतार-चढ़ाव के प्रति लगातार कमजोर होता जा रहा है, क्योंकि आम आदमी पार्टी सरकार ने इस क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को पूरी तरह नजरअंदाज किया है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने राष्ट्रीय ध्वज लहराया : पंजाब सरकार राज्य को फिर से रंगला, हंसता-खेलता और खुशहाल पंजाब बनाने के लिए तत्पर -मोहिंदर भगत

स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिवारों और विशिष्ट उपलब्धियों वाले व्यक्तियों का सम्मान किया होशियारपुर, 15 अगस्त:  पंजाब के रक्षा सेवाएं कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी और बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

पूर्व विधायक विशाल नेहरिया ने की दूसरी शादी : HAS ओशीन शर्मा से हुआ था तलाक, अब कौन बनी दुल्हन?

धर्मशाला :   हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के भाजपा के पूर्व विधायक विशाल नेहरिया (36) ने दूसरी शादी की है। धर्मशाला में पूर्व विधायक ने स्वाति कपूर से सात फेरे लिए हैं। इससे पहले, सूबे...
Translate »
error: Content is protected !!