इंजीनियर के ठिकानों से 3.28 करोड़ की अवैध संपत्ति का खुलासा : आय से 140% अधिक संपत्ति मिली

by

एसवीयू की पांच ठिकानों पर छापेमारी; पटना के फ्लैट से 31.42 लाख रुपये नकद, पत्नी के बैंक खातों में 1.29 करोड़ जमा होने के दस्तावेज मिले

पटना। बिहार में विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पथ निर्माण विभाग के सहरसा अंचल में कार्यरत कार्यपालक अभियंता विजय कुमार के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। बुधवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक चली। शुरुआती जांच में इंजीनियर के पास आय से करीब 140 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का पता चला है। जांच एजेंसी के अनुसार, अब तक चल और अचल संपत्ति मिलाकर 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपये की कथित अवैध संपत्ति सामने आई है।

एसवीयू थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत कांड संख्या 27/2026 दर्ज किया गया है।

पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी

एसवीयू ने पटना के दानापुर स्थित गोला रोड के सांई शरणम आवासीय परिसर, सहरसा में पथ निर्माण विभाग के सरकारी कार्यालय और आवासीय परिसर, औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोली स्थित पैतृक घर तथा पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित महेश नगर के प्रेमा रेजीडेंसी अपार्टमेंट में तलाशी ली।

जांच में विजय कुमार और उनकी पत्नी रानी कुमारी के नाम पर करीब 3 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये की अचल संपत्ति का पता चला है। इसके अलावा चल संपत्ति और अन्य निवेश से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।

खिड़की से फेंके गए नोटों के बंडल

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोला रोड स्थित सांई शरणम फ्लैट का दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंके जाने की बात सामने आई। इन नोटों को जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है। तलाशी के दौरान कई फाइलों में भी नकदी छिपाकर रखी मिली।

फ्लैट से 31 लाख 42 हजार रुपये नकद, दो बैंकों में जमा करीब 10 लाख रुपये से संबंधित दस्तावेज, 23 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और एलआईसी, टाटा एआईजी सहित विभिन्न कंपनियों में निवेश व बीमा से जुड़े कागजात बरामद किए गए।

पत्नी के नाम पर बैंक खातों में 1.29 करोड़ रुपये

जांच में पति-पत्नी के नाम पर भारतीय स्टेट बैंक के सात और बैंक ऑफ बड़ौदा के दो खाते सामने आए हैं। इन खातों में कुल 1 करोड़ 29 लाख 46 हजार रुपये जमा होने की जानकारी मिली है। दोनों के नाम पर एक स्कॉर्पियो और एक आई-10 कार भी पाई गई है।

पटना में फ्लैट, प्लॉट और बहुमंजिला मकान

प्रारंभिक जांच के अनुसार, विजय कुमार और उनकी पत्नी के नाम पर एक फ्लैट और तीन जमीनों की खरीद की गई है। पटना के महेश नगर स्थित प्रेमा रेजीडेंसी अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 303, रामजयपाल नगर सहकारी गृहनिर्माण समिति में पत्नी के नाम प्लॉट और दानापुर के सहजादपुर मौजा में जमीन का विवरण मिला है।

इसके अलावा दानापुर के गोला रोड में विजय कुमार के नाम छह मंजिला मकान और वास्तुगंगा कॉलोनी में सांई शरणम नाम से तीन मंजिला मकान होने की जानकारी जांच में सामने आई है।

2004 में सरकारी सेवा में आए थे विजय कुमार

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विजय कुमार 22 दिसंबर 2004 को सरकारी सेवा में आए थे। पटना, गया, सहरसा सहित विभिन्न स्थानों पर तैनाती के दौरान उनके द्वारा कथित तौर पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की गई। एसवीयू की जांच अभी जारी है। एजेंसी के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद संपत्ति का आंकड़ा बढ़ सकता है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

Narendra Modi Architect of New

Hoshiarpur/Daljeet Ajnoha /June 18 :  A press conference praising Prime Minister Narinder Modi’s 12-year administrative tenure was held under the chairmanship of BJP district president Nipun Sharma, with former Union Minister of State Somprakash...
article-image
हिमाचल प्रदेश

हरोली कॉलेज में इस वर्ष से शुरू होंगे 7 नए पाठ्यक्रम, प्रवेश प्रक्रिया जारी : कॉलेज के नए भवन में लगेंगी इस शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं

एएम नाथ। शिमला : ऊना, 19 जून. डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज हरोली में शैक्षणिक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अकादमिक सत्र 2025-26 से सात नए पाठ्यक्रम आरंभ किए जा...
article-image
हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री मेधावी छात्रों को लैपटॉप भी वितरित करेंगे : डॉ. शांडिल ने मुख्यमंत्री के सम्भावित प्रवास के दृष्टिगत जारी किए उचित दिशा-निर्देश

सोलन : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज यहां मुख्यमंत्री के 30 नवम्बर, 2023 के प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम के दृष्टिगत प्रमुख...
Translate »
error: Content is protected !!