रोहित जसवाल। शिमला। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए एचआरटीसी ने विभिन्न क्षेत्रों से एम्स बिलासपुर तक 10 सीधी इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की हैं। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इन सेवाओं से रोजाना एक हजार से अधिक मरीज और उनके परिचारक लाभान्वित हो रहे हैं।
वर्तमान में चिंतपूर्णी, ऊना, हरोली, सोलन, मंडी और जाहू से एम्स बिलासपुर के लिए सीधी बस सेवाएं चल रही हैं। इसके अलावा बिलासपुर जिले के करलोटी, बंदला, शाहतलाई, घुमारवीं और बिलासपुर से भी एम्स के लिए सीधी बस सुविधा उपलब्ध है। घुमारवीं से चार और बिलासपुर से आठ बसें प्रतिदिन संचालित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि जल्द ही नालागढ़ से रामशहर होते हुए, बद्दी से बघेरी होते हुए तथा नाचन विधानसभा क्षेत्र से भी एम्स बिलासपुर के लिए नई इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। आवश्यकता के अनुसार आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।
सीधी बस सुविधा से मरीजों और तीमारदारों को बस बदलने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे समय की बचत के साथ टैक्सी और निजी वाहनों पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम हो रहा है।
