किसानों को 200 इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरित…. बैजनाथ के विकास को लेकर सांसद अनुराग शर्मा ने की कई घोषणाएं

by

92 करोड़ की पेयजल योजना, 60 करोड़ का विद्युत सब-स्टेशन और 28 करोड़ के बाईपास सहित विकास कार्यों की दी जानकारी

एएम नाथ। बैजनाथ, 3 सितंबर। उपमंडल बैजनाथ की ग्राम पंचायत सेहल में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किसानों के लिए इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरित किए। इस दौरान ग्राम पंचायत सेहल के करीब 200 किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि वे प्रदेश के विकास के साथ-साथ बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों और लोगों की आवश्यकताओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। इस संबंध में रेल मंत्री ने आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, विशेषकर कांगड़ा क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को संबंधित मंचों पर उठाने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।

अनुराग शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के विकास और जनकल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने सुख आश्रय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत हजारों निराश्रित बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में विभिन्न सुविधाएं एवं लाभ दिए जा रहे हैं। वहीं, राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। प्राकृतिक खेती से तैयार विभिन्न फसलों को बेहतर कीमतों पर खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

बैजनाथ में करोड़ों रुपये के विकास कार्य प्रगति पर

सांसद ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य गतिशील हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 92 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा 60 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बैजनाथ-पपरोला बाईपास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 1 करोड़ 32 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। वहीं, 18 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बस अड्डे का निर्माण पूरा हो चुका है और इसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 5 करोड़ रुपये की लागत से इनडोर स्टेडियम तथा 2 करोड़ रुपये की लागत से खीरगंगा घाट के लिए प्रदेश सरकार द्वारा राशि जारी की गई है।

सेहल पंचायत के लिए भी कई घोषणाएं

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने ग्राम पंचायत सेहल में श्मशान घाट के सुदृढ़ीकरण के लिए 5 लाख रुपये तथा वार्ड नंबर-1 में सड़क निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से एक ट्यूबवेल लगाने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सेहल के खेल मैदान के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत के लिए प्रदेश के खेल मंत्री के साथ समन्वय स्थापित कर आगामी समय में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। क्षेत्र में विद्युत वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए विद्युत ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करने का भी आश्वासन दिया।

सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

वाटरशेड योजना से किसानों को मिलेगी सुविधा

वाटरशेड विकास घटक 2.0 की जानकारी देते हुए विभागीय अधिकारियों ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य वर्षा पर निर्भर किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसके तहत सिंचाई नहरों और तालाबों के निर्माण के साथ किसानों को आवश्यक कृषि उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में ग्राम पंचायत सेहल के लगभग 200 किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरित किए गए। अधिकारियों के अनुसार इन उपकरणों से किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी और फसलों के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और महिला मंडलों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। सांसद अनुराग शर्मा ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी संकल्प गौतम, खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, जिला परिषद सदस्य राम लाल, बीडीसी सदस्य रविंदर कुमार, प्रधान सेहल सन्नी कपूर, उपप्रधान भीखम राम, प्रधान पंजाला अंजना कुमारी, उपप्रधान धानग रोहित कपूर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, संगठन महासचिव मोहिंद्र डोहरी, प्रदेश युवा महासचिव रविंदर राव, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत मनोज मनहास, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी शशांक धीमान, खंड चिकित्सा अधिकारी गुरमीत कटोच, जोन अध्यक्ष गंगा राम, बूथ अध्यक्ष अनुज शर्मा, शलभ अवस्थी, ऋषभ अवस्थी और संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

हिमाचल प्रदेश

प्रदेश में 74.05% वोटिंग : बैलेट पेपर से टूट सकता है पिछला रिकॉर्ड

शिमला। हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों पर इस बार कुल 74.05 प्रतिशत वोटिंग की है, लेकिन जब इसमें बैलेट पेपर की संख्या भी जुड़ जाएगी तो इस बार की वोटिंग पर्सेंटेज पिछले सभी रिकॉर्ड...
article-image
हिमाचल प्रदेश

जोगिंद्रा बैंक की पदोन्नति प्रक्रिया पर सवाल, जांच रिपोर्ट दबाने का आरोप

आरटीआई में जांच रिपोर्ट और अंतिम स्थिति रिपोर्ट नहीं मिलने का आरोप नाबार्ड से स्वतंत्र सतर्कता जांच, रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग एएम नाथ। शिमला/सोलन :  जोगिंद्रा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, सोलन से जुड़े...
article-image
हिमाचल प्रदेश

डीसी गंधर्वा राठौड़ ने भोरंज में लिया विभिन्न विकास कार्यों का जायजा

एएम नाथ।  भोरंज 16 फरवरी :  उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सोमवार को भोरंज का दौरा करके वहां जारी विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।  उन्होंने सम्मू ताल के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा...
article-image
हिमाचल प्रदेश

पदोन्नति के बाद 15 दिनों के भीतर संभालना होगा पदभार : अन्यथा हो जाएंगे पदोन्नति के आदेश रद्द

शिमला।  हिमाचल प्रदेश के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक अहम खबर है। प्रदेश सरकार के वे कर्मचारी जिनके लिए पदोन्नति आदेश जारी हुए हैं, उन्हें 15 दिनों में पदभार संभालना होगा। जो...
Translate »
error: Content is protected !!