गरीब-जरूरतमंद तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना ही उपलब्धि का पैमाना : अनुराग ठाकुर

by

सांसद अनुराग ठाकुर ने दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा की

रोहित जसवाल।  ऊना, 2 सितंबर :  सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को ऊना में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र प्रायोजित विभिन्न विकास योजनाओं और केंद्र की सहायता से जिले में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

सांसद ने कहा कि अधिकारियों को अपने विभाग, प्रदेश और आम जनता के प्रति जवाबदेही की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी योजना की सफलता का वास्तविक पैमाना यही होना चाहिए कि उसका अधिकतम लाभ गरीब, जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचा है या नहीं। उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, कार्यों के लिए समयसीमा तय करने और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

जिला परिषद सम्मेलन कक्ष में आयोजित बैठक में अनुराग ठाकुर ने केंद्र प्रायोजित योजनाओं के साथ-साथ ऊना में केंद्र की सहायता से क्रियान्वित की जा रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध धनराशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि संसाधनों का सही इस्तेमाल कर योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए।

एमपी लैड के लंबित कार्य 15 अक्तूबर तक पूरे करने के निर्देश

सांसद ने एमपी लैड के तहत स्वीकृत और लंबित विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारियों को अगले 45 दिनों में यानी 15 अक्तूबर तक लंबित कार्य पूरे करवाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

पंचायतों तक पहुंचाएं योजनाओं की जानकारी

कृषि, बागवानी, कृषि विपणन और पंचायती राज विभागों को पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीण स्तर तक पहुंचनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित न रहे।

अवैध खनन पर सख्ती, ड्रोन से निगरानी पर जोर

अवैध खनन की समस्या पर सांसद ने संबंधित विभागों को निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए ड्रोन तथा आधुनिक तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग करने पर जोर दिया।

सड़क परियोजनाओं में अलाइनमेंट पर विशेष ध्यान

सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि निर्माण कार्यों में केवल वर्तमान जरूरतों ही नहीं, बल्कि भविष्य की यातायात आवश्यकताओं और स्थानीय परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने सड़क परियोजनाओं के अलाइनमेंट तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की उचित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

पीजीआई सेटेलाइट सेंटर में देरी पर जताई नाराजगी

मलाहत में निर्माणाधीन पीजीआई सेटेलाइट सेंटर की प्रगति की समीक्षा के दौरान सांसद ने कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित एजेंसी और पीजीआई प्रबंधन से परियोजना की वर्तमान स्थिति तथा देरी के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। संबंधित एजेंसी ने परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूरा कर हैंडओवर करने का आश्वासन दिया।

बल्क ड्रग पार्क सहित प्रमुख परियोजनाओं का लिया जायजा

सांसद ने हरोली क्षेत्र में विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क की प्रगति की भी समीक्षा की। इसके अलावा बीहड़ू-लाठियानी फोरलेन परियोजना, मलाहत पीजीआई सेटेलाइट सेंटर और जीतपुर बेहड़ी में प्रस्तावित आईजी एथेनॉल प्लांट सहित जिले में केंद्र की सहायता से चल रही तथा प्रस्तावित प्रमुख परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली।

स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं पर भी चर्चा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय कर विद्यार्थियों को टीबी और एचआईवी/एड्स जैसे रोगों के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहारा योजना के लाभार्थियों की संख्या तथा योजना के तहत निर्धारित पात्रता और शर्तों की विस्तृत जानकारी भी मांगी।

झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में शौचालय सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभाग से आबादी के अनुपात में उपलब्ध और निर्मित शौचालयों का विवरण प्रस्तुत करने को कहा, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

स्मार्ट मीटर और पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा

जिले में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रगति की जानकारी लेते हुए सांसद ने कहा कि जिन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, वहां लोगों को उनकी कार्यप्रणाली और लाभों के बारे में जानकारी दी जाए। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति, लोगों की प्रतिक्रिया तथा इसके क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी भी मांगी।

जनप्रतिनिधियों ने रखे विकास संबंधी सुझाव

बैठक में पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक बलवीर चौधरी और जिला परिषद अध्यक्ष पवन लम्बरदार सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विकासात्मक मुद्दे और महत्वपूर्ण सुझाव समिति के समक्ष रखे।

अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल ने सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने जिले में अवैध खनन की रोकथाम के लिए की जा रही कार्रवाई और अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी दी।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा दिशा समिति के सरकारी और गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

अनुराग चन्द्र शर्मा ने DC कुल्लू का पदभार संभाला …सरकार की योजनाओं धरातल पर उतारना प्राथमिकता : DC अनुराग चन्द्र शर्मा

एएम नाथ।  कुल्लू, 18 फरवरी : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2016 बैच के अधिकारी अनुराग चन्द्र शर्मा ने बुधवार को उपायुक्त कुल्लू के रूप में पदभार सम्भाल लिया है। उनके कुल्लू आगमन पर...
article-image
हिमाचल प्रदेश

राहत पुनर्वास कार्यों में नहीं बरते कोताही: आरएस बाली

नगरोटा विस क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में नुक्सान का लिया जायजा धर्मशाला, नगरोटा 26 अगस्त। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने नगरोटा...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

आईजीएमसी शिमला विवाद का सज्जन अंत …जादू की झप्पी…एक सॉरी… फिर गले लगकर मिटाई कड़वाहट

डॉ. राघव व अर्जुन ने पेश की पश्चाताप और सम्मान की मिसाल प्रदेश सचिवालय में लिखी गई भाईचारे की नई इबारत एएम नाथ। शिमला :  कभी-कभी एक ‘सॉरी’ और एक ‘गले मिलने की गर्मजोशी...
article-image
हिमाचल प्रदेश

स्वां फेडरेशन के मसाला प्रसंस्करण संयंत्र का किया वीरेंद्र कंवर ने निरीक्षण

वीरेंद्र कंवर व प्रो. राम कुमार ने परिसर में किया पौधारोपण ऊना – ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज स्वां वुमन फेडरेशन के बढ़ेडा स्थित...
Translate »
error: Content is protected !!