गारंटियों पर घिरी सुक्खू सरकार : जयराम बोले- 28 लाख महिलाओं का वादा साढ़े तीन लाख तक सिमटा

by
बोले- 28 लाख महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा अब साढ़े तीन लाख तक सीमित, 300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी भी अधूरी; शीतकालीन सत्र में भ्रष्टाचार, नशे और बदहाल सड़कों पर सरकार को घेरेंगे

शिमला, 14 नवंबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर चुनावी गारंटियों को आधा-अधूरा पूरा करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने कार्यकाल के चौथे साल में अब चुनावी वादों की याद आ रही है, लेकिन उन्हें पूरा करने के नाम पर भी शर्तें और सीमाएं लगाई जा रही हैं।

महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी पर सवाल उठाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं को यह राशि देने का वादा किया था, लेकिन अब सरकार केवल साढ़े तीन लाख पात्र महिलाओं को लाभ देने की बात कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब चुनाव के समय यह गारंटी सभी महिलाओं के लिए थी तो अब लाभार्थियों की संख्या सीमित क्यों की जा रही है। उनके अनुसार, वादे के मुताबिक सरकार को करीब 20 हजार करोड़ रुपये महिलाओं को देने चाहिए थे।

300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी पर भी घेरा

जयराम ठाकुर ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का फैसला किया था। कांग्रेस ने चुनाव से पहले 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद पहले से मिल रही 125 यूनिट की सुविधा भी बंद कर दी गई।

उन्होंने कहा कि अब कैबिनेट ने साढ़े तीन लाख परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का फैसला किया है, जबकि कांग्रेस ने प्रदेश के करीब 18 लाख परिवारों को यह सुविधा देने का वादा किया था। सरकार को बताना चाहिए कि बाकी परिवारों को इस योजना के लाभ से बाहर क्यों रखा जा रहा है।

चुनावी घोषणाओं की मंशा जनता समझती है

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनावी वर्ष में सरकार की ओर से की जा रही घोषणाओं के पीछे की मंशा को प्रदेश की जनता अच्छी तरह समझती है। उन्होंने दावा किया कि पंचायती राज चुनावों में भी जनता ने कांग्रेस को अपना जवाब दे दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस की सरकार बनने की परंपरा के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

शीतकालीन सत्र में कई मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे

जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा का आगामी शीतकालीन सत्र वर्तमान सरकार का अंतिम शीतकालीन सत्र होगा। भाजपा सदन में भ्रष्टाचार, ‘हिमाचल ऑन सेल’, बढ़ते नशे, बिगड़ती कानून व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने कई महत्वपूर्ण सवाल उठाने की तैयारी की है, जिनका जवाब देना सरकार के लिए आसान नहीं होगा।

बदहाल सड़कों पर मुख्यमंत्री को दी नसीहत

प्रदेश की सड़क व्यवस्था पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में सड़कों की हालत लगातार खराब हो रही है। जिन रास्तों पर पहले गाड़ियां और बसें आसानी से चलती थीं, वहां अब खच्चर ले जाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने दावा किया कि दो घंटे में पूरा होने वाला सफर अब आठ घंटे में तय करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें हेलीकॉप्टर से यात्रा करने के बजाय कभी सड़क मार्ग से भी सफर करना चाहिए, ताकि प्रदेश की सड़कों की वास्तविक स्थिति का पता चल सके।

कंगना के खिलाफ एफआईआर को बताया अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला

मंडी की सांसद कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के मामले में जयराम ठाकुर ने इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, मीडिया या विपक्ष की ओर से सरकार के खिलाफ कोई बात उठाए जाने पर एफआईआर दर्ज कर दी जाती है। उन्होंने सरकार पर विपक्ष के खिलाफ दुष्प्रचार के लिए एजेंसी नियुक्त करने का आरोप भी लगाया।

इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इसमें कई महत्वपूर्ण घटनाओं और पहलुओं का उल्लेख नहीं किया गया है।

अनिल शर्मा को लेकर मुख्यमंत्री पर लगाए आरोप

मंडी में आयोजित एंटी चिट्टा वॉकाथॉन के दौरान विधायक अनिल शर्मा की मुख्यमंत्री के साथ नजदीकियों को लेकर पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर षड्यंत्रकारी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने अनिल शर्मा को सलाह दी कि वह मुख्यमंत्री की किसी साजिश का शिकार न बनें, क्योंकि ऐसा करना उनके राजनीतिक हित में नहीं होगा।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा मंडी जिले की सभी दस विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब , राष्ट्रीय , समाचार , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

अगनवीरों को 4 साल बाद नहीं होना होगा रिटायर ! अगले साल 90,000 नई वैकेंसी

चर्चा है कि सेना में ज्यादा अग्निवीरों को स्थायी तौर पर रखने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही अगले भर्ती चक्र में वैकेंसी की संख्या भी बढ़ सकती है। हालांकि, अभी तक...
article-image
हिमाचल प्रदेश

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जारी की जिला परिषद चंबा के तहत वार्डों के परिसीमन संबंधी अधिसूचना

आगामी 7 दिनों के भीतर प्रस्तुत किए जा सकते हैं आपत्तियाँ–आक्षेप एएम नाथ। चंबा, 20 फरवरी : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग...
article-image
हिमाचल प्रदेश

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के 17 पदों के लिए साक्षात्कार 05 व 06 अगस्त को होंगे

एएम नाथ। सोलन : बाल विकास परियोजना सोलन के अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों में रिक्त पदों की भर्ती के लिए साक्षात्कार 05 व 06 अगस्त, 2025 को आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी बाल परियोजना...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

छात्रों के विरोध के आगे झुका पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन, विवादित हलफनामे का निर्णय लिया वापस

चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) प्रशासन ने आखिरकार छात्रों के विरोध और कानूनी चुनौती के बाद विवादित हलफनामा (एफिडेविट) को वापस लेने का फैसला किया है। यह वही हलफनामा था जिसमें छात्रों से उनके आचरण...
Translate »
error: Content is protected !!