रोहित जसवाल। हरोली। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी 31 वर्षीय अंकुश राणा जस्सी को सौंपी है। उन्हें हरोली विधानसभा क्षेत्र का नया युवा कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव आर्यन चौहान ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी शेष नारायण ओझा, सचिव एवं प्रदेश प्रभारी ज्योतिष एच.एम., प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर और कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री की स्वीकृति से की गई है। प्रदेश स्तर पर जारी इस अधिसूचना में अंकुश राणा जस्सी के अलावा चोपाल, बड़सर, कसौली और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में भी नए युवा कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
नियुक्ति के बाद अंकुश राणा जस्सी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जल्द नई टीम का गठन करना और संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। इसके लिए हरोली विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में जाकर युवाओं को संगठन से जोड़ने का अभियान शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर एक मजबूत युवा टीम तैयार की जाएगी। इस टीम को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर संगठन का विस्तार कर चुनाव से पहले हरोली में युवा कांग्रेस को मजबूत आधार देना उनका लक्ष्य रहेगा।
