श्री मुक्तसर साहिब : श्री मुक्तसर साहिब में माघी मेले में शिरोमणि अकाली दल ने भी रैली के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया।
अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सरकार पर तीखे हमले बोले। सुखबीर बादल ने कहा कि आप के सत्ता में आते ही पंजाब का लगातार बुरा हाल हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे कभी मुगल और अंग्रेज आए थे और पंजाब को लूटकर चले गए, वैसे ही अब आप राज्य का खजाना लूटकर दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार पर खर्च कर रही है। यही कारण है कि पंजाब में जरूरी सुविधाओं का भारी अभाव दिखाई दे रहा है। सुखबीर के अनुसार, सरकार ने विज्ञापनों पर ही साढ़े चार हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए, जिनमें से 30-40 प्रतिशत राशि वापस ली गई।
उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पहले से भी बदतर हो गई है। “गैंगस्टर रोज धमकियां दे रहे हैं। 7-8 कबड्डी खिलाड़ियों की हत्या हो चुकी है। गांवों में भी धमकियां पहुंचने लगी हैं। जब अधिकारियों से पूछो, तो कहते हैं ऊपर से फोन आ जाता है, इसलिए पकड़कर भी छोड़ना पड़ता है।
सुखबीर ने आरोप लगाया कि दिल्ली के नेता पंजाब में लैंड पूलिंग करवा रहे हैं और मुख्यमंत्री भगवंत मान की कोई सुनवाई नहीं होती। “यहां सरकार केजरीवाल चला रहा है। SSP, DC, तहसीलदार-सबकी बदली दिल्ली से होती है।”
दूसरी ओर आप की कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत मान, मनीष सिसोदिया और सभी मंत्री-विधायक पहुंचे। भगवंत मान ने कहा कि अपनी विरासत याद रखने वाली कौमें ही तरक्की करती हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक हवा बदल गई है और विपक्षी दल मिलकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। सुखबीर ने अंत में कहा कि प्रकाश सिंह बादल ने अपने कार्यकाल में पंजाब को संभाला था, लेकिन पिछले 10 साल राज्य के लिए बेहद कठिन बीते हैं।
